Raipur City Crime : ग्रिल काटकर SBI में दाखिल हुए बदमाश, लॉकर तोड़ने की कोशिश नाकाम

Raipur City Crime : रायपुर। राजधानी रायपुर में बैंक में सेंधमारी की बड़ी कोशिश सामने आई है। SBI की NIT शाखा में अज्ञात चोर खिड़की की ग्रिल काटकर अंदर दाखिल हुए और स्ट्रांग रूम तक पहुंच गए। चोरों ने कई ताले तोड़कर लॉकर रूम में प्रवेश करने की कोशिश की, लेकिन कैश और लॉकर में रखी रकम चोरी करने में नाकाम रहे।
मैनेजर के केबिन से कंप्यूटर का सामान चोरी
जानकारी के मुताबिक, बैंक में घुसने के बाद चोरों ने सबसे पहले बैंक मैनेजर के केबिन को निशाना बनाया। यहां से CPU की हार्ड डिस्क, RAM और SSD चोरी कर लिए गए। इसके बाद वे स्ट्रांग रूम की तरफ बढ़े।
स्ट्रांग रूम के रास्ते में चोरों ने ग्रिल गेट और दरवाजे के चार ताले तोड़ दिए। इसके बाद लॉकर रूम तक पहुंचने का प्रयास किया गया। लॉकर रूम के चार तालों में से एक ताला टूटा मिला, लेकिन चोर अंदर रखी रकम तक नहीं पहुंच सके। इससे बैंक का कैश और लॉकर में रखी रकम सुरक्षित बच गई।
CCTV तोड़कर सबूत मिटाने की कोशिश
वारदात के दौरान चोरों ने बैंक में लगे CCTV कैमरों को तोड़ दिया और उनके तार काट दिए। इससे माना जा रहा है कि आरोपियों ने अपनी पहचान और गतिविधियों से जुड़े सबूत मिटाने की कोशिश की।
घटना की जानकारी मिलते ही सरस्वती नगर पुलिस मौके पर पहुंची और बैंक का निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 305, 324(4) और 331(4) के तहत मामला दर्ज किया है।
फिलहाल पुलिस बैंक और आसपास के इलाकों में लगे अन्य CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही मौके से मिले सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की कोशिश जारी है।
Source: Nishaanebaz


