MP News: मऊगंज में बड़ा हादसा, चलती बस में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी

मऊगंज। मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले के देवतालाब क्षेत्र में रविवार को एक चलती बस में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा वाहन लपटों से घिर गया। घटना देवतालाब स्थित बिजली कार्यालय के पास की है, जहां प्रताप ट्रेवल्स की बस तमरी से मनिकवार की ओर जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस के पास पहुंचते ही उसमें से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग भड़क उठी।
ड्राइवर और कंडक्टर ने बाहर निकलकर बचाई जान
बस से धुआं उठता देख सड़क पर मौजूद लोगों ने चालक को सतर्क किया। इसके बाद ड्राइवर और कंडक्टर ने बस को किनारे रोक दिया और तुरंत बाहर निकल आए। आग तेजी से फैलने के कारण बस का अंदरूनी हिस्सा भी इसकी चपेट में आ गया। आसपास मौजूद लोग घटना देखकर सहम गए और तत्काल पुलिस तथा दमकल विभाग को सूचना दी।
बस में यात्री नहीं होने से टला बड़ा हादसा
इस घटना में राहत की बात यह रही कि हादसे के वक्त बस में कोई यात्री मौजूद नहीं था। बस में केवल ड्राइवर और कंडक्टर ही सवार थे, जो समय रहते सुरक्षित बाहर निकल गए। यदि बस यात्रियों से भरी होती, तो हादसा गंभीर रूप ले सकता था। आग के कारण बस की सीटों, अंदरूनी हिस्से और अन्य सामान को भारी नुकसान पहुंचा। किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है।
मौके पर पहुंची पुलिस, आग लगने के कारणों की जांच
घटना की सूचना मिलते ही देवतालाब पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के लोगों को सुरक्षित दूरी पर किया और यातायात नियंत्रित किया। आग पर काबू पाने के प्रयास किए गए। शुरुआती जानकारी में बस की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आग लगने की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुई बस
आग की चपेट में आने से बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है और बस मालिक से भी पूछताछ की जा रही है।
साभार: Asian News Bharat


