MP Crime : सालों पुराने उत्पीड़न का बदला लेने पहुंची पोती, क्रिकेट बैट से दादा की हत्या की, गिरफ्तार

MP Crime : इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में एक पुरानी घटना से जुड़ी रंजिश ने बेहद गंभीर रूप ले लिया। एरोड्रम थाना क्षेत्र में एक युवती ने अपने दादा पर क्रिकेट बैट से हमला कर उनकी हत्या कर दी। वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी पोती को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल क्रिकेट बैट और वारदात में प्रयुक्त बुलेट वाहन भी बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में करीब 7 से 8 साल पुरानी कथित उत्पीड़न की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि इसी घटना को लेकर युवती के मन में लंबे समय से नाराजगी थी। हालांकि, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपों की पुष्टि जांच के आधार पर होगी।
बताया गया कि युवती रात में बुलेट से दादा के घर पहुंची। दरवाजा खुलने के बाद वह घर के अंदर गई और दादा पर क्रिकेट बैट से हमला कर दिया। हमले में बुजुर्ग के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जिसके चलते उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही एरोड्रम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है।
डीसीपी नरेंद्र रावत के अनुसार, आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्या की वजह, घटनाक्रम और इससे जुड़े अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप का माहौल है।
साभार: Asian News Bharat


