MP Congress: दतिया जीत का कांग्रेस ने दिया इनाम, अवधेश नायक बने प्रदेश महासचिव, जीतू पटवारी ने जारी किया नियुक्ति पत्र
MP Congress: भोपाल। दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद पार्टी ने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए वरिष्ठ नेता अवधेश नायक को प्रदेश महासचिव नियुक्त किया है। यह नियुक्ति मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी की सहमति से की गई है। कांग्रेस ने दतिया उपचुनाव में उनकी सक्रिय भूमिका और संगठन के लिए किए गए प्रयासों को देखते हुए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
दतिया उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह की जीत में अवधेश नायक की भूमिका को अहम माना जा रहा है। चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने लगातार क्षेत्र में जनसंपर्क किया और घर-घर जाकर कांग्रेस के पक्ष में मतदान की अपील की। पार्टी नेताओं का मानना है कि उनकी मेहनत और संगठनात्मक रणनीति का लाभ कांग्रेस को मिला, जिसके परिणामस्वरूप पार्टी ने करीब 6 हजार वोटों से जीत दर्ज की।
‘यह मेरे लिए सरप्राइज है’ : अवधेश नायक
MP Congress: प्रदेश महासचिव बनाए जाने के बाद अवधेश नायक ने खुशी जताते हुए कहा कि यह नियुक्ति उनके लिए एक सुखद आश्चर्य है। उन्होंने कहा कि दतिया की जनता ने कांग्रेस पर विश्वास जताया, जिसके लिए वह सभी मतदाताओं के आभारी हैं।
उन्होंने कहा, “मुझे यह जिम्मेदारी सरप्राइज के रूप में मिली है। जनता की सेवा करना ही मेरा उद्देश्य है। पार्टी ने मुझ पर जो विश्वास जताया है, उस पर पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ खरा उतरने का प्रयास करूंगा। मेरे जीवन में कई बार ऐसे सरप्राइज मिले हैं और संगठन जहां भी जिम्मेदारी देगा, उसे पूरी मेहनत से निभाऊंगा।”
जीतू पटवारी ने जारी किया नियुक्ति पत्र
MP Congress: मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की ओर से जारी नियुक्ति पत्र में कहा गया है कि प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी के अनुमोदन के बाद अवधेश नायक को मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी का प्रदेश महासचिव नियुक्त किया जाता है।
पत्र में उनसे अपेक्षा जताई गई है कि वे भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की नीतियों, सिद्धांतों और संगठनात्मक अनुशासन का पालन करते हुए पार्टी को मजबूत बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
MP Congress: दतिया उपचुनाव में मिली जीत के बाद कांग्रेस लगातार संगठन को मजबूत करने की दिशा में कदम उठा रही है। अवधेश नायक की नियुक्ति को इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि आगामी चुनावों को देखते हुए संगठन में सक्रिय और जमीनी नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां देकर कांग्रेस अपने जनाधार को और मजबूत करेगी।
The post MP Congress: दतिया जीत का कांग्रेस ने दिया इनाम, अवधेश नायक बने प्रदेश महासचिव, जीतू पटवारी ने जारी किया नियुक्ति पत्र appeared first on Nishaanebaz.
Source: Nishaanebaz


