MP Accident : स्कूल जा रहे 7 साल के मासूम को सरिया से भरे ट्राला ने कुचला, मौके पर मौत

सिवनी। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 7 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। कान्हीवाड़ा थाना क्षेत्र के पलारी तिगड्डा में सिवनी-मंडला मार्ग पर स्कूल जा रहे बच्चे को सरिया से भरे ओपन ट्राला ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि बच्चे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
स्कूल जाते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार मृतक बच्चे की पहचान अनुज चौरसिया (7 वर्ष), पिता सोनू चौरसिया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बच्चा स्कूल जाने के लिए निकला था, तभी सिवनी-मंडला मार्ग पर पलारी तिगड्डा के पास सरिया से लदे ओपन ट्राला ट्रक ने उसे टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद ट्रक का चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
पुलिस ने संभाली स्थिति, ट्राला जब्त
घटना की सूचना मिलते ही कान्हीवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मासूम के शव को पोस्टमार्टम के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कान्हीवाड़ा भेज दिया है।
वहीं पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्राला को जब्त कर लिया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
Source: Nishaanebaz


