Jharkhand News : खेत में अचानक निकली मधुमक्खियों ने किया हमला, मासूम की मौत, 3 घायल

Jharkhand News : कोडरमा। झारखंड के कोडरमा जिले के सतगावां थाना क्षेत्र के मथुराडीह गांव में खेत में काम कर रहे एक परिवार पर अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। हमले में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें 12 वर्षीय श्रीकांत कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, 15 अगस्त की शाम परिवार के सदस्य खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान अमरूद के पेड़ के पास जमीन में बने एक सुराख से अचानक बड़ी संख्या में मधुमक्खियां बाहर निकल आईं। इससे पहले कि परिवार के लोग कुछ समझ पाते, मधुमक्खियों ने उन पर हमला कर दिया।
हमले में श्रीकांत कुमार (12), शिवानी कुमारी (7), सोनाली कुमारी (6) और अनीता देवी (30) गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन सभी को तत्काल सतगावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए कोडरमा रेफर कर दिया।
कोडरमा में उपचार के दौरान श्रीकांत की तबीयत अचानक बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, शिवानी और सोनाली की हालत बिगड़ने पर उन्हें गिरिडीह ले जाया गया, जहां दोनों का इलाज जारी है। अनीता देवी का भी उपचार चल रहा है।
घटना के बाद मथुराडीह गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार, खेत में जमीन के भीतर बने सुराख से अचानक मधुमक्खियों का झुंड निकलने के कारण यह हादसा हुआ है।
Source: Asian News Bharat


