Jharkhand Crime : होटल से निकलते ही कारोबारी पर बरसी गोलियां, दिनदहाड़े हत्या से मचा हड़कंप

Jharkhand Crime : जमशेदपुर। झारखंड के जमशेदपुर में सोमवार दोपहर दिनदहाड़े एक होटल कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। चांडिल थाना क्षेत्र के टेंथ माइल स्टोन होटल से मीटिंग के बाद बाहर निकलते ही कारोबारी निखार सबलोक पर दो हथियारबंद बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गंभीर रूप से घायल कारोबारी को इलाज के लिए टीएमएच अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
होटल से निकलते ही शुरू हुई फायरिंग
जानकारी के मुताबिक, निखार सबलोक सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे दोस्तों के साथ कारोबारी बैठक के लिए होटल पहुंचे थे। मीटिंग खत्म होने के बाद जैसे ही वह होटल की सीढ़ियों से उतरकर अपनी गाड़ी की ओर बढ़े, तभी पहले से घात लगाए दो बदमाशों ने उन पर गोलियां चला दीं।
बताया जा रहा है कि निखार को करीब चार गोलियां लगीं। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। अचानक हुई फायरिंग से होटल परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत
फायरिंग के बाद निखार के दोस्तों ने उन्हें तत्काल टीएमएच अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मौके से मिले 9 खोखे
घटना की सूचना मिलते ही चांडिल पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से 9 खाली कारतूस के खोखे बरामद किए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही हमलावरों की पहचान और हत्या की वजह पता लगाने में जुटी है।
भाजपा से जुड़ाव की भी चर्चा
निखार सबलोक होटल कारोबार से जुड़े होने के साथ भाजपा से भी जुड़े बताए जा रहे हैं। उन्हें विधायक सरयू राय का करीबी भी बताया जाता है। हालांकि, हत्या के पीछे वास्तविक कारण क्या है और क्या इसका कोई राजनीतिक कनेक्शन है, इसे लेकर पुलिस की जांच अभी जारी है।
दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
Source: Asian News Bharat


