IND W vs ZIM W T20: रायपुर में जिम्बाब्वे ने बनाए 102 रन, शैफाली – स्मृति क्रीज़ पर

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 102 रन बनाए। अब भारतीय टीम को जीत के लिए 103 रन बनाने होंगे।
जिम्बाब्वे की पारी के दौरान भारतीय गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट चटकाए और विपक्षी टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोक दिया। हालांकि, कप्तान जोसेफिन नोकोमो ने 27 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की।
चिपो मुगेरी-तिरिपानो ने बनाए 34 रन
जिम्बाब्वे की ओर से चिपो मुगेरी-तिरिपानो सबसे सफल बल्लेबाज रहीं। उन्होंने 32 गेंदों पर 34 रन बनाए, जिसमें पांच चौके शामिल थे। कप्तान जोसेफिन नोकोमो ने 35 गेंदों में नाबाद 27 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में दो चौके लगाए।
शार्ने मेयर्स ने 10 गेंदों पर 9 रन बनाए, जबकि विकेटकीपर मोडेस्टर मुपाचिकवा के बल्ले से 11 गेंदों में 9 रन निकले। बेलव्ड बिजा ने 7 रन का योगदान दिया। जिम्बाब्वे की टीम को शुरुआती झटकों से उबरने में मुश्किल हुई और लगातार विकेट गिरने से रन गति पर असर पड़ा।
निकी प्रसाद ने झटके दो विकेट
भारत की ओर से निकी प्रसाद ने शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने दो ओवर में सिर्फ 7 रन देकर दो विकेट हासिल किए। क्रांति गौड़ ने चार ओवर में 15 रन देकर एक विकेट लिया। नंदनी शर्मा और दीप्ति शर्मा को भी एक-एक सफलता मिली।
स्री चरणी ने चार ओवर में 21 रन देकर एक विकेट अपने नाम किया। वहीं, अरुंधति रेड्डी तीन ओवर में 17 रन देने के बावजूद विकेट हासिल नहीं कर सकीं। भारतीय गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन की बदौलत जिम्बाब्वे की टीम 102 रन तक ही पहुंच सकी।
भारत के सामने 103 रन का लक्ष्य
जिम्बाब्वे की पारी 20 ओवर में 102/8 के स्कोर पर समाप्त हुई। इस तरह भारतीय महिला टीम को मुकाबला जीतने के लिए 103 रन बनाने होंगे। बता दें तीन मैच की सीरीज में भारत पहले से बढ़त बना चुका है।
साभार: Asian News Bharat
The post IND W vs ZIM W T20: रायपुर में जिम्बाब्वे ने बनाए 102 रन, शैफाली – स्मृति क्रीज़ पर appeared first on OneChhattisgarh.Com.
साभार: OneChhattisgarh.Com


