Hanuman Ansh Collection: कम बजट में बनी ‘हनुमान अंश’ ने 26 दिन में कमाए इतने करोड़, नीम करोली बाबा की कहानी को मिला दर्शकों का प्यार

Hanuman Ansh Collection: मनोरंजन डेस्क: नीम करोली बाबा के जीवन पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। करीब 2 करोड़ रुपए के बजट में बनी इस फिल्म ने रिलीज के 26वें दिन तक भारतीय बॉक्स ऑफिस पर करीब 55 करोड़ रुपए का कारोबार कर लिया है। कम बजट में इतनी बड़ी कमाई को फिल्म इंडस्ट्री में खास उपलब्धि माना जा रहा है।
‘जय संतोषी मां’ की याद आई
फिल्म की सफलता ने 51 साल पहले रिलीज हुई ‘जय संतोषी मां’ की याद दिला दी है। उस दौर में भी दर्शक धार्मिक आस्था के साथ सिनेमाघरों में पहुंचते थे। कई जगह लोग नंगे पैर फिल्म देखने और जयकारे लगाने तक पहुंचे थे। अब ‘हनुमान अंश’ को लेकर भी नीम करोली बाबा के भक्तों में ऐसा ही उत्साह नजर आ रहा है।
पहले दिन 355 शो, अब 7 हजार पार
‘हनुमान अंश’ शुरुआत में सीमित सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। पहले दिन फिल्म के सिर्फ 355 शो हुए थे, लेकिन 26वें दिन इसके शो की संख्या 7 हजार के पार पहुंच गई। फिल्म का निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है। इसकी कहानी उनकी किताब Divine Detour पर आधारित है।
अनजान कलाकारों ने बनाई पहचान
फिल्म में शोभिनव सत्या ने नीम करोली बाबा का किरदार निभाया है। उनके साथ चंदन आनंद, निखिल दुबे, उदय सिंह राजपूत और अनिल रस्तोगी नजर आए हैं। ज्यादातर कलाकारों को दर्शक पहले से नहीं जानते थे, लेकिन फिल्म की कहानी और भक्ति भाव ने उन्हें पहचान दिलाई।
सोशल मीडिया से मिला फायदा
फिल्म के प्रचार का बजट सीमित रहा, लेकिन दर्शकों की चर्चा और सोशल मीडिया ने इसे आगे बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभाई। फिल्म में नीम करोली बाबा के जीवन, साधना और उनसे जुड़े चमत्कारों को सरल तरीके से दिखाया गया है।
Source: Nishaanebaz


