Delhi Security Alert: दिल्ली में 273 CAPF कंपनियों की तैनाती 31 अक्टूबर तक बढ़ी, CJP प्रोटेस्ट के बीच गृह मंत्रालय का बड़ा फैसला

Delhi Security Alert: दिल्ली में संभावित विरोध-प्रदर्शनों और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) की 273 कंपनियों की तैनाती 31 अक्टूबर तक बढ़ा दी है। यह दूसरी बार है, जब राजधानी में सुरक्षा बलों की तैनाती की अवधि बढ़ाई गई है। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, अक्टूबर की शुरुआत में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध-प्रदर्शनों को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बल दिल्ली बुलाए गए थे।
दिल्ली पुलिस की मांग पर गृह मंत्रालय का फैसला
समाचार एजेंसी पीटीआई ने सरकारी सूत्रों के हवाले से बताया कि गृह मंत्रालय ने 22 अक्टूबर को दिल्ली पुलिस और संबंधित केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों को तैनाती के संबंध में आपसी समन्वय करने का निर्देश दिया था। दिल्ली पुलिस ने संभावित प्रदर्शनों को देखते हुए सुरक्षा बलों की तैनाती 20 अक्टूबर के बाद भी जारी रखने की मांग की थी। इस संबंध में गृह मंत्रालय को पत्र भेजकर अतिरिक्त समय तक CAPF की कंपनियां उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया था।
पहले 301 कंपनियों की तैनाती को मिली थी मंजूरी
दिल्ली में 10 अक्टूबर को CJP के प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए बड़े पैमाने पर केंद्रीय सुरक्षा बल तैनात किए गए थे। दिल्ली पुलिस की मांग पर गृह मंत्रालय ने कुल 301 कंपनियों की तैनाती को मंजूरी दी थी। सूत्रों के अनुसार, 6 अक्टूबर को 221 और 8 अक्टूबर को 80 कंपनियों की तैनाती की मांग की गई थी। अब 273 कंपनियों की तैनाती को 31 अक्टूबर तक जारी रखने की मंजूरी दी गई है।
जंतर-मंतर और संसद के आसपास प्रदर्शन की आशंका
दिल्ली पुलिस को आशंका है कि प्रदर्शनकारी दोबारा जंतर-मंतर, चुनाव आयोग, संसद भवन और इंडिया गेट जैसे प्रमुख स्थानों पर विरोध-प्रदर्शन कर सकते हैं। इसके अलावा, मंत्रियों के कार्यालयों और आवासों के बाहर भी प्रदर्शन होने की संभावना जताई गई है। इसी के मद्देनजर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और किसी भी अप्रत्याशित स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त बलों की मांग की थी।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा बढ़ाई
राजधानी में संभावित प्रदर्शनों को देखते हुए दिल्ली पुलिस सतर्क है। CAPF की कंपनियों की तैनाती बढ़ाने का उद्देश्य संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त बल उपलब्ध रखना है। गृह मंत्रालय की मंजूरी के बाद केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती 31 अक्टूबर तक जारी रहेगी।
साभार: Asian News Bharat


