CG Ration News: नवरात्रि से पहले राशन कार्ड धारकों के लिए खुशखबरी, एक साथ मिलेगा 2 महीने का चावल

रायपुर। CG Ration News: नवरात्रि से पहले छत्तीसगढ़ के राशन कार्ड धारकों के लिए राहत की खबर है। राज्य सरकार ने सितंबर और अक्टूबर महीने का चावल एक साथ लेने की सुविधा दी है। जिन हितग्राहियों को तय समय सीमा में राशन नहीं मिल पाया था, उन्हें अब इसके लिए अतिरिक्त समय दिया गया है।
सरकार ने राशन लेने की अंतिम तारीख बढ़ाकर 15 अक्टूबर कर दी है। इसके लिए खाद्य विभाग ने 1 अक्टूबर से ऑनलाइन पोर्टल भी खोल दिया है।ऐसे में जिन राशन कार्ड धारकों को सितंबर और अक्टूबर का चावल अब तक नहीं मिला है, वे निर्धारित अवधि में दोनों महीने का राशन एक साथ ले सकते हैं।
15 अक्टूबर तक मिलेगा दो महीने का चावल
दरअसल, राज्य सरकार ने सितंबर और अक्टूबर महीने का चावल एक साथ वितरित करने का फैसला लिया था। इसके लिए पहले 30 सितंबर तक की समय सीमा तय की गई थी। लेकिन कई हितग्राही तय अवधि में राशन नहीं ले पाए।
अब सरकार ने ऐसे हितग्राहियों को राहत देते हुए राशन लेने की तारीख बढ़ा दी है। खाद्य विभाग के निर्देश के मुताबिक, अब 15 अक्टूबर तक सितंबर और अक्टूबर दोनों महीने का चावल हितग्राहियों को दिया जाएगा।
राशन दुकानदार नहीं कर सकते इनकार
खाद्य विभाग ने इस संबंध में प्रदेश की सभी राशन दुकानों के संचालकों को निर्देश जारी किए हैं। दुकानदारों को पात्र हितग्राहियों को दोनों महीने का चावल उपलब्ध कराना होगा।
अगर कोई राशन दुकानदार हितग्राही को सितंबर या अक्टूबर का चावल देने से इनकार करता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। सरकार ने दोनों महीनों का राशन उपलब्ध कराना अनिवार्य किया है।
किसी भी राशन दुकान से ले सकते हैं चावल
छत्तीसगढ़ में कोर पीडीएस (Core PDS) सिस्टम के तहत हितग्राहियों को राशन लेने की सुविधा दी गई है। इसके चलते पात्र राशन कार्ड धारक राज्य में उपलब्ध सुविधा के अनुसार किसी भी राशन दुकान से अपना चावल ले सकते हैं।
ऐसे में जिन लोगों का सितंबर महीने का राशन किसी कारण से नहीं मिल पाया है, वे 15 अक्टूबर की अंतिम तारीख से पहले राशन दुकान जाकर अपने दोनों महीने के चावल की जानकारी ले सकते हैं।
साभार: Asian News Bharat


