CG News : फुटू लेने खेत गई 12 साल की बच्ची की करंट से मौत, फसल बचाने बिछाए तार बने जानलेवा

CG News : जगदलपुर। बस्तर के भानपुरी इलाके में फसल को जंगली जानवरों से बचाने के लिए खेत में लगाए गए करंट के तार ने एक 12 वर्षीय बच्ची की जान ले ली। बच्ची सुबह फुटू निकालने के लिए खेत पहुंची थी, जहां वह करंट प्रवाहित तार की चपेट में आ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, घटना भानपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम बनियागांव के जामकोनाड़ी पारा की है। सोमवार सुबह करीब 6 बजे 12 वर्षीय बच्ची फुटू निकालने के लिए खेत गई थी। इसी दौरान वह खेत में लगाए गए तार के संपर्क में आ गई। करंट का झटका लगने से बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई।
फसल बचाने लगाए गए थे तार
बताया जा रहा है कि खेत मालिक ने जंगली जानवरों से फसल की सुरक्षा के लिए झटका मशीन का तार खेत के आसपास लगाया था। आरोप है कि तार में सीधे बिजली लाइन से करंट प्रवाहित किया गया था। इसी तार की चपेट में आने से बच्ची की जान चली गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही भानपुरी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। खेत में करंट प्रवाहित करने की परिस्थितियों और जिम्मेदार व्यक्ति की भूमिका को लेकर पुलिस जानकारी जुटा रही है।
Source: Nishaanebaz


