CG News : डायवर्शन के नाम पर 20 हजार की मांग, 10 हजार लेते एसडीएम कार्यालय का सहायक गिरफ्तार

CG News : धमतरी। जिले के कुरूद से रिश्वतखोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। एंटी करप्शन ब्यूरो ने एसडीएम कार्यालय की भू-अर्जन शाखा में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 पुनेश्वर सूर्यवंशी को 10 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा है। कार्रवाई के बाद एसडीएम कार्यालय में हड़कंप की स्थिति बन गई।
जानकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता प्रकाश चंद्राकर ने एसीबी से शिकायत की थी कि डायवर्शन संबंधी काम के लिए पुनेश्वर सूर्यवंशी 20 हजार की रिश्वत मांग रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने पहले आरोपों का सत्यापन किया और फिर ट्रैप कार्रवाई की योजना तैयार की।
10 हजार लेते ही एसीबी ने दबोचा
तय योजना के तहत शिकायतकर्ता रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 10 हजार लेकर पहुंचा। जैसे ही रकम का लेन-देन हुआ, मौके पर मौजूद एसीबी टीम ने पुनेश्वर सूर्यवंशी को पकड़ लिया।
कार्रवाई डीएसपी रैंक के अधिकारी राजेश चौधरी के नेतृत्व में पहुंची करीब 4-5 सदस्यीय टीम ने की। टीम ने मौके पर कार्रवाई पूरी करने के बाद संबंधित दस्तावेजों और डायवर्शन प्रकरण से जुड़े रिकॉर्ड की जांच शुरू कर दी।
एसीबी टीम अब रिश्वत मांगने, रकम के लेन-देन और संबंधित डायवर्शन प्रकरण के दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है। आरोपी कर्मचारी से पूछताछ भी की जा रही है।
साभार: Asian News Bharat


