CG News : VSK ऐप की ऑनलाइन हाजिरी पर शिक्षकों का विरोध, वेतन कटौती के खिलाफ खोला मोर्चा

बागबाहरा। छत्तीसगढ़ के बागबाहरा विकासखंड में शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। लोक शिक्षण संचालनालय की ओर से जुलाई महीने का वेतन ऑनलाइन उपस्थिति के आधार पर जारी करने संबंधी आदेश के बाद छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने इसका विरोध शुरू कर दिया है। संगठन ने इस व्यवस्था को अव्यावहारिक बताते हुए शिक्षकों के वेतन में किसी भी तरह की कटौती नहीं करने की मांग की है।
तकनीकी खामियों का हवाला देकर उठाए सवाल
छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन बागबाहरा के ब्लॉक अध्यक्ष विनोद यादव ने कहा कि विद्या समीक्षा केंद्र (VSK) ऐप में तकनीकी दिक्कतों के चलते शिक्षकों के लिए समय पर चेक-इन और चेक-आउट करना कई बार संभव नहीं हो पाता। उनके मुताबिक लोकेशन, सर्वर, इंटरनेट कनेक्टिविटी और स्कूलों की दूरी जैसी समस्याओं के कारण ऐप पर शिक्षकों की वास्तविक उपस्थिति नियमित रूप से दर्ज नहीं हो पा रही है।
उन्होंने कहा कि केवल ऐप में दर्ज उपस्थिति को आधार बनाकर पूरे महीने का वेतन जारी करने का फैसला शिक्षकों के लिए अन्यायपूर्ण है। संगठन का कहना है कि तकनीकी समस्या के कारण उपस्थिति दर्ज नहीं होने को शिक्षक की अनुपस्थिति मानना उचित नहीं होगा।
दूरस्थ इलाकों में नेटवर्क की बड़ी समस्या
शिक्षक संगठन ने बागबाहरा के दूरस्थ और जंगल क्षेत्र के स्कूलों में इंटरनेट कनेक्टिविटी की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया है। संगठन के अनुसार परसूली, भलेसर, टेका, बोकरामुड़ा, डूमरडीह और खम्हरिया सहित कई संकुलों में नेटवर्क की स्थिति बेहद खराब है। ऐसे क्षेत्रों में ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करना शिक्षकों के लिए मुश्किल साबित हो रहा है।
एसोसिएशन का कहना है कि जब तक पूरे ब्लॉक में पर्याप्त और स्थिर इंटरनेट सुविधा उपलब्ध नहीं कराई जाती, तब तक ऑनलाइन उपस्थिति को अनिवार्य आधार बनाकर वेतन निर्धारण की व्यवस्था लागू नहीं की जानी चाहिए।
उपस्थिति पंजी से मिलान कर वेतन देने की मांग
संगठन ने मांग की है कि जुलाई महीने के वेतन का निर्धारण VSK ऐप की उपस्थिति के साथ स्कूल की शिक्षक उपस्थिति पंजी का मिलान करके किया जाए। शिक्षकों का कहना है कि अभी तक किसी कर्मचारी को ऐप में दर्ज उपस्थिति को लेकर कोई नोटिस या अल्टीमेटम नहीं दिया गया है। ऐसे में केवल ऑनलाइन रिकॉर्ड के आधार पर वेतन रोकना या कटौती करना उचित नहीं है।
वेतन नहीं मिला तो आंदोलन की चेतावनी
छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन बागबाहरा के ब्लॉक सचिव मनीष अवसरिया, कोषाध्यक्ष देवेंद्र चंद्राकर, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष दमयंती कौशिक, उपाध्यक्ष सौरभ मेहरकुरे, जिला संयोजक लालजी साहू, प्रदेश प्रचार मंत्री केशवराम साहू विद्याप्रसाद चन्द्राकर, लखन साहू, लक्ष्मीधर चन्द्राकर, विसंभर ठाकुर ने ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था की खामियों को दूर करने की मांग की है।
Source: Asian News Bharat


