CG News : आकाशीय बिजली का कहर, MCB और सूरजपुर में 4 लोगों की मौत, कई घायल

CG News : एमसीबी/सूरजपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के बीच आकाशीय बिजली लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। मंगलवार को एमसीबी (मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर) और सूरजपुर जिले में बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। हादसों के बाद दोनों जिलों में शोक का माहौल है।
एमसीबी में बिजली गिरने से तीन की मौत, पांच घायल
एमसीबी जिले के खड़गवां ब्लॉक में आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हुआ। शिवपुर गांव में दो लोगों और मंगोरा गांव में एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना में पांच लोग घायल हुए हैं, जिनका उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खड़गवां में चल रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी। लगातार बारिश के बीच हुए इस हादसे से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
सूरजपुर में खेत में काम कर रहे युवक की मौत
वहीं, सूरजपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के नमदगीरी गांव में खेत में काम करने गए 35 वर्षीय विनय देवांगन आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। गंभीर रूप से झुलसने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Source: Asian News Bharat


