CG News : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के छत्तीसगढ़ दौरे की तैयारियां तेज, मुख्य सचिव ने ली हाईलेवल बैठक

CG News : रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राष्ट्रपति का 22 से 23 अक्टूबर 2026 तक रायपुर और जगदलपुर प्रवास प्रस्तावित है। इसे लेकर मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई।
बैठक में मुख्य सचिव ने अधिकारियों को राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सुरक्षा, प्रोटोकॉल, आवास, स्वास्थ्य और परिवहन व्यवस्था को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। राष्ट्रपति के पूरे प्रवास कार्यक्रम के लिए संस्कृति विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है।
रायपुर और जगदलपुर में होंगे प्रमुख कार्यक्रम
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति रायपुर में लोकभवन और बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ापारा में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल हो सकती हैं। वहीं जगदलपुर में लालबाग ग्राउंड पर मुरिया दरबार और बस्तर दशहरा के अवसर पर आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होना प्रस्तावित है।
एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा का प्लान
बैठक में रायपुर और बस्तर के कलेक्टरों को सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट रायपुर और मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट जगदलपुर से कार्यक्रम स्थलों तक सुरक्षा, कारकेड और सड़क मार्ग से आवागमन की सुगम व्यवस्था की जिम्मेदारी संबंधित जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को दी गई है।
राष्ट्रपति और उनके साथ आने वाले अतिथियों के ठहरने की व्यवस्था के साथ-साथ स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर भी अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग की गाइडलाइन के अनुसार कार्यक्रम स्थलों पर आवश्यक चिकित्सा इंतजाम किए जाएंगे।
कार्यक्रम स्थलों पर तकनीकी व्यवस्थाओं के निर्देश
अधिकारियों को कार्यक्रम स्थलों पर मानक के अनुसार मंच, बैकड्रॉप, निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए वैकल्पिक व्यवस्था, साउंड-लाइट सिस्टम और ग्रीन रूम में कंप्यूटर, प्रिंटर व इंटरनेट जैसी सुविधाएं तैयार रखने के निर्देश दिए गए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई बैठक में सामान्य प्रशासन, संस्कृति एवं पर्यटन, गृह विभाग, जनसंपर्क, पुलिस मुख्यालय, रायपुर-बस्तर जिला प्रशासन, स्वास्थ्य, लोक निर्माण विभाग, एयरफोर्स, BSNL और एयरपोर्ट अथॉरिटी समेत संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
साभार: Asian News Bharat


