CG News : रक्षाबंधन पर्व पर केंद्रीय जेल दुर्ग में 5 हजार तक बहनें भाइयों को बांधेंगी राखी, दिशा निर्देश जारी

CG News : दुर्ग। रक्षाबंधन के अवसर पर केंद्रीय जेल दुर्ग में 28 अगस्त को विशेष मुलाकात की व्यवस्था की गई है। इस दौरान करीब 4,000 से 5,000 बहनों और महिला परिजनों के जेल पहुंचने की संभावना है, जो अपने बंदी भाइयों को राखी बांधेंगी। इसे देखते हुए जेल प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
सुबह 8 से शाम 3 बजे तक होगी मुलाकात
जेल प्रशासन के अनुसार रक्षाबंधन के दिन बंदियों से मुलाकात का समय सुबह 8 बजे से शाम 3 बजे तक निर्धारित किया गया है। राखी बांधने के लिए आने वाली बहन या निकट महिला परिजन को निर्धारित पहचान पत्र, जैसे आधार कार्ड, साथ लाना अनिवार्य होगा।
हर आगंतुक की होगी सुरक्षा जांच
जेल परिसर में प्रवेश से पहले सभी आगंतुकों की अनिवार्य रूप से सुरक्षा जांच की जाएगी। राखी बांधने की व्यवस्था जेल प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थान पर की जाएगी, ताकि मुलाकात के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे।
मोबाइल और कैमरा पूरी तरह प्रतिबंधित
जेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परिसर के अंदर मोबाइल फोन, कैमरा, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य प्रतिबंधित सामान ले जाने की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले सामान को प्रवेश से पहले ही रोक दिया जाएगा।
राखी और 100 ग्राम तक सूखी मिठाई की अनुमति
बहनें अपने साथ केवल राखी और अधिकतम 100 ग्राम सूखी मिठाई लेकर जा सकेंगी। मिठाई की जेल सुरक्षा नियमों के अनुसार जांच की जाएगी। प्रशासन ने सभी आगंतुकों से अपील की है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
Source: Nishaanebaz


