CG Accident : कार से टक्कर के बाद नेशनल हाईवे पर पलटी एंबुलेंस, तीन लोग घायल

CG Accident : कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में नेशनल हाईवे-30 पर कार और एंबुलेंस के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर तक यातायात बाधित रहा।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर फरसगांव क्षेत्र में चिचाड़ी पुल के पास यह दुर्घटना हुई। एंबुलेंस जगदलपुर से धमतरी की ओर जा रही थी, तभी उसकी कार से टक्कर हो गई। हादसे में एंबुलेंस में सवार तीन लोग घायल हो गए। इनमें दो को मामूली चोटें आईं, जबकि एक व्यक्ति की कमर के पास गंभीर चोट लगने की जानकारी सामने आई है।
घटना के बाद घायलों को 112 की मदद से उपचार के लिए फरसगांव अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। सूचना मिलने पर फरसगांव पुलिस मौके पर पहुंची और पलटी हुई एंबुलेंस को हटवाकर यातायात बहाल कराने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
साभार: Asian News Bharat

