CG Accident : कर्मचारियों से भरी बस करहीभदर के पास पलटी, एक की मौत, 20 से ज्यादा घायल

CG Accident : बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शनिवार सुबह कर्मचारियों से भरी बस हादसे का शिकार हो गई। करहीभदर के पास अनियंत्रित होकर बस पलट गई, जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक कर्मचारी घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
धमतरी जा रही थी कर्मचारियों से भरी बस
जानकारी के मुताबिक, हादसे वाली बस धमतरी की डीआरडी कंपनी की बताई जा रही है। शनिवार सुबह बड़ी संख्या में कर्मचारियों को लेकर बस बालोद से धमतरी की ओर रवाना हुई थी। करहीभदर के पास पहुंचते ही बस अनियंत्रित हो गई और सड़क पर पलट गई। बस के पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को हादसे की सूचना दी और राहत-बचाव में मदद की।
करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद निकाला शव
हादसे में एक युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उसका शव बस के अंदर फंस गया था, जिसे बाहर निकालने में करीब एक घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। वहीं हादसे में घायल हुए 20 से अधिक लोगों को 108 एंबुलेंस की मदद से बालोद जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में घायलों का प्राथमिक उपचार किया जा रहा है।
तेज रफ्तार बताई जा रही शुरुआती वजह
घटना बालोद कोतवाली थाना क्षेत्र की है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। शुरुआती तौर पर बस की तेज रफ्तार को हादसे की संभावित वजह बताया जा रहा है, हालांकि दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
Source: Nishaanebaz


