Abhishek Porel Arrested: IPL क्रिकेटर अभिषेक पोरेल गिरफ्तार, मेडिकल छात्रा ने लगाए गंभीर आरोप; पुलिस जांच जारी

Abhishek Porel Arrested: नई दिल्ली। आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा रहे विकेटकीपर-बल्लेबाज अभिषेक पोरेल को हुगली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एक मेडिकल छात्रा की शिकायत के आधार पर उनके खिलाफ बलात्कार, आपराधिक धमकी और अन्य गंभीर आरोपों में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने पूछताछ के बाद यह कार्रवाई की। हालांकि, पोरेल ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों से इनकार किया है।
मेडिकल छात्रा की शिकायत पर दर्ज हुआ था केस
मामले की शुरुआत जून 2026 में हुई, जब छात्रा की शिकायत पर मोगरा थाने में एफआईआर दर्ज की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि पोरेल ने शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में शादी से पीछे हट गए। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उनके निजी पलों को कथित तौर पर रिकॉर्ड किया गया और उसे धमकी भी दी गई।
तीन साल तक रिश्ते में रहने का दावा
शिकायतकर्ता के मुताबिक, अभिषेक पोरेल और उसके बीच जनवरी 2023 से बातचीत शुरू हुई थी। महिला ने दावा किया कि दोनों करीब तीन साल तक रिश्ते में रहे। शिकायत में आरोप है कि इस दौरान पोरेल उसे मनकुंडू स्थित अपने फ्लैट पर ले गए, जहां उसके साथ कथित तौर पर जबरदस्ती की गई। बाद में दोनों परिवारों के बीच शादी को लेकर बातचीत भी हुई, लेकिन यह रिश्ता शादी तक नहीं पहुंच सका।
मतभेद के बाद बढ़ा विवाद
महिला ने आरोप लगाया कि पिछले साल दोनों के बीच मतभेद बढ़ने लगे और पोरेल ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी। शिकायत के अनुसार, छात्रा का कहना है कि क्रिकेटर ने शादी का भरोसा दिया था, लेकिन बाद में शादी करने से इनकार कर दिया। महिला ने मारपीट और आपराधिक धमकी के भी आरोप लगाए हैं।
पोरेल ने आरोपों को बताया गलत
अभिषेक पोरेल अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को पहले ही खारिज कर चुके हैं। ऐसे में अब पुलिस जांच में शिकायत में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जाएगी। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जांच के आधार पर तय होगी।
दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेल चुके हैं पोरेल
अभिषेक पोरेल घरेलू क्रिकेट में बंगाल का प्रतिनिधित्व करते हैं और आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हैं। आईपीएल 2026 में उन्होंने दिल्ली की टीम के लिए चार मुकाबले खेले थे। गिरफ्तारी की खबर के बाद अब इस मामले पर क्रिकेट जगत की भी नजर बनी हुई है।
Source: Asian News Bharat


