Ghaziabad Road Accident : नई बोलेरो की पहली यात्रा बनी आखिरी, ट्रक से भीषण टक्कर में 3 की मौत, कई घायल

Ghaziabad Road Accident : गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में हरिद्वार गंगा स्नान के लिए निकला एक परिवार भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया। नई खरीदी गई बोलेरो पिकअप की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, परिवार ने हाल ही में नई बोलेरो खरीदी थी और पहली बार उसी वाहन से हरिद्वार में गंगा स्नान और धार्मिक दर्शन के लिए रवाना हुआ था। लेकिन यह धार्मिक यात्रा कुछ ही घंटों में दर्दनाक हादसे में बदल गई।
मोदीनगर के एसीपी भास्कर वर्मा ने बताया कि मंगलवार देर रात करीब 12:30 बजे कंट्रोल रूम को निवाड़ी क्षेत्र में ट्रक और बोलेरो पिकअप की टक्कर की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
हादसे के कारण कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर चालक और क्लीनर को हिरासत में ले लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में हादसे के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस तेज रफ्तार, चालक की लापरवाही, सड़क की स्थिति और तकनीकी खराबी समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं, मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
Source: Asian News Bharat


