IT Raid Breaking: सड़क ठेकेदार बीआर गोयल के ठिकानों पर आयकर विभाग का छापा
IT Raid Bilaspur : बिलासपुर: छत्तीसगढ़ में शुक्रवार की सुबह आयकर विभाग (IT) की बड़ी कार्रवाई से हड़कंप मच गया है। प्रदेश के बड़े सड़क ठेकेदार बीआर गोयल के बिलासपुर, इंदौर सहित अन्य ठिकानों पर इनकम टैक्स की टीमों ने एक साथ दबिश दी है। सुबह-सुबह हुई इस कार्रवाई के बाद से कारोबारी जगत में खलबली मची हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, रायपुर और अन्य क्षेत्रों से पहुंची आयकर विभाग की टीम ने बीआर गोयल के व्यापारिक प्रतिष्ठानों और निवास पर घेराबंदी की है। अधिकारियों की एक टीम तीन गाड़ियों में सवार होकर पाराघाट टोल प्लाजा स्थित उनके कार्यालय भी पहुंची है। यहां टीम ने दफ्तर को अपने कब्जे में ले लिया है और सभी प्रवेश व निकास द्वारों पर सुरक्षा तैनात कर दी गई है।
आयकर विभाग के अधिकारी वर्तमान में मौके पर मौजूद दस्तावेजों, बैंक ट्रांजैक्शन और टेंडर से जुड़ी फाइलों की बारीकी से जांच कर रहे हैं। कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों और अकाउंट सेक्शन के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। सूत्रों की मानें तो टैक्स चोरी की शिकायतों और बेनामी संपत्तियों की जानकारी के आधार पर यह छापा मारा गया है।
जांच अभी भी जारी है और विभाग की ओर से इस मामले में अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। माना जा रहा है कि दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद करोड़ों रुपये की अघोषित संपत्ति और टैक्स गड़बड़ी का खुलासा हो सकता है।