Ration Shop Theft GPS Tracker: राशन चोरों को पकड़ने के लिए पुलिस ने शक्कर की बोरी में छिपा दिया GPS ट्रैकर, 5 गिरफ्तार

Ration Shop Theft GPS Tracker: रायगढ़/पुसौर। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले की पुलिस ने चोरी की वारदातों का खुलासा करने के लिए एक ऐसा नायाब और अचूक तरीका अपनाया, जिसके आगे शातिर चोरों के भी होश उड़ गए। सरकारी उचित मूल्य की दुकानों (राशन दुकानों) में लगातार हो रही चावल और शक्कर की चोरियों से परेशान पुलिस ने गजब का ‘जुगाड़’ बैठाते हुए एक शक्कर की बोरी में GPS ट्रैकर छिपा दिया। यह तरीका इतनी सटीक साबित हुई कि पुलिस सीधे चोरों के ठिकाने तक जा पहुंची और 38.60 लाख रुपए की कुल संपत्ति के साथ 5 आरोपियों को दबोच लिया।
लगातार हो रही चोरियों से हलकान थे संचालक
मामला पुसौर थाना क्षेत्र का है, जहां पिछले कुछ महीनों से ग्रामीण इलाकों की सरकारी राशन दुकानों को लगातार निशाना बनाया जा रहा था। चोर दुकानों के ताले तोड़कर चावल और शक्कर की बोरियां पार कर रहे थे।
औरदा, तड़ोला, कवाहरिहा, चिखली, बासनपाली, बोंडा, खोखरा, कोटमर्रा, कोडोली, घुटकुपाली, नवापारा और तिलगी समेत कई गांवों की राशन दुकानों में चोरों ने धावा बोला था। इन घटनाओं से आजिज आ चुके दुकान संचालकों ने एसएसपी शशि मोहन सिंह और थाना प्रभारी से मुलाकात कर सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई थी।
पुलिस की सलाह पर अपनाया गया ‘GPS’ फॉर्मूला
पुलिस ने जब वारदातों के पैटर्न का विश्लेषण किया, तो पता चला कि आरोपी तेज रफ्तार लग्जरी गाड़ियों से आते हैं और वारदात को अंजाम देकर तुरंत फरार हो जाते हैं। इसके बाद पुलिस ने क्षेत्र के राशन दुकान संचालकों की एक विशेष बैठक बुलाई। बैठक में दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने के साथ-साथ एक बेहद अनोखी सलाह दी गई, शक्कर या चावल की बोरी में ऑनलाइन GPS ट्रैकर छिपाकर रखना।
पुलिस की इस सलाह पर अमल करते हुए कुछ दुकान संचालकों ने ऑनलाइन GPS ट्रैकर मंगाए और एक संचालक ने इसे कोटमर्रा की राशन दुकान में शक्कर की बोरी के अंदर रख दिया।
25-26 अक्टूबर की रात हुई चोरी, और फिर शुरू हुआ ‘लाइव ट्रैक’
25 और 26 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात कोटमर्रा की राशन दुकान का ताला टूट गया। चोर अन्य बोरियों के साथ उस खास शक्कर की बोरी को भी उठा ले गए, जिसमें GPS ट्रैकर छिपा हुआ था। शातिर चोरों को इस बात का दूर-दूर तक अंदाजा नहीं था कि वे जिस माल को समेट रहे हैं, वही उनका सुराग पुलिस तक पहुंचा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। GPS के लाइव लोकेशन सिग्नल्स से पता चला कि चोर रायगढ़ से धरमजयगढ़ की ओर भाग रहे हैं। इसके बाद घरघोड़ा और रैरूमाखुर्द पुलिस की संयुक्त टीमों ने ट्रैकर का पीछा करते हुए पत्थलगांव तक घेराबंदी कर दी।
पत्थलगांव तक पहुंचा सिग्नल, कड़ियों से जुड़े हाथ
पुलिस जब पत्थलगांव पहुंची, तो वहां राशन दुकान संचालक सेवाल कुजूर (52) के पास से वह GPS ट्रैकर लगी शक्कर की बोरी बरामद हो गई।
कड़ाई से पूछताछ करने पर सेवाल कुजूर ने बताया कि मोहम्मद हफीज (नवापारा, तिलडेगा), समीर आलम (रामानुजगंज), और दो स्थानीय युवकों—डमरूधर खूंटे व संतोष कुमार माहेश्वरी (गोढ़ीकेला, पत्थलगांव) ने यह चोरी का माल उसे बेचने के लिए दिया था। इसके बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ दबिश देकर चारों मुख्य आरोपियों के साथ चोरी का सामान खरीदने वाले दुकानदार सेवाल कुजूर को भी गिरफ्तार कर लिया।
क्रेटा और इनोवा कारों में भरा था चोरी का सामान
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक क्रेटा और एक इनोवा कार बरामद की है, जिनका इस्तेमाल वारदातों में किया जाता था। इन दोनों लग्जरी गाड़ियों में चावल की बोरियां भरी हुई थीं। पुलिस ने कुल 115 बोरी चावल और 2 बोरी शक्कर (कीमत करीब 3.60 लाख रुपए) तथा दोनों गाड़ियों (कीमत करीब 35 लाख रुपए) समेत कुल 38.60 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की है।
साभार: Asian News Bharat


