IAF चीफ एपी सिंह की आखिरी ट्रेनर सॉर्टी, उसी ‘किरण’ विमान से भरी उड़ान जिससे शुरू किया था करियर, मिला वाटर कैनन सैल्यूट

नई दिल्ली/हैदराबाद। भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने रिटायरमेंट से पहले मंगलवार को अपनी आखिरी ट्रेनर उड़ान भरी। उन्होंने हैदराबाद के पास डंडीगल स्थित एयर फोर्स एकेडमी (AFA) में ‘किरण’ विमान उड़ाया। अधिकारियों के मुताबिक, यह उड़ान उनके लिए खास रही, क्योंकि इसी एकेडमी से उन्होंने अपने फ्लाइंग करियर की शुरुआत की थी।
लैंडिंग के बाद दिया गया वाटर कैनन सैल्यूट
उड़ान पूरी कर विमान के उतरने के बाद एयर चीफ मार्शल एपी सिंह को सम्मान के तौर पर ‘वाटर कैनन सैल्यूट’ दिया गया। इस दौरान उन्होंने अपने पूर्व इंस्ट्रक्टर विंग कमांडर (रिटायर्ड) वीएस कोचर के साथ उड़ान भरी। इससे उनके शुरुआती प्रशिक्षण के दिनों की यादें ताजा हो गईं।
‘स्वोर्ड ऑफ ऑनर’ से हुए थे सम्मानित
एपी सिंह ने अपने करियर की शुरुआत भी ‘किरण’ विमान से की थी। वे 1984 में एयर फोर्स एकेडमी से ‘स्वोर्ड ऑफ ऑनर’ के साथ पास आउट हुए थे।
तेजस में भरी थी आखिरी फाइटर उड़ान
इससे पहले 12 अक्टूबर को उन्होंने जोधपुर एयर फोर्स स्टेशन पर स्वदेशी तेजस विमान में अपनी आखिरी फाइटर जेट उड़ान भरी थी। यह उड़ान ‘एक्सरसाइज तरंग शक्ति’ के दौरान हुई थी।
साभार: Asian News Bharat

