‘गोंय राखण यात्रा’ में शामिल हुए राहुल गांधी, बोले – कांग्रेस संविधान की रक्षक, ज्ञानेश कुमार, अमित शाह और मोदी पर लगाए आरोप

नई दिल्ली/मडगांव। कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने रविवार, 18 अक्टूबर को गोवा के मडगांव में ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर चुनावी व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ 45 से ज्यादा मानहानि के मामले दर्ज हैं, लेकिन वोट चोरी का आरोप लगाने पर कोई मुकदमा नहीं हुआ। राहुल ने इसकी वजह बताते हुए कहा कि ऐसा मामला दर्ज होने पर बड़ी कानूनी लड़ाई शुरू हो सकती है।
ज्ञानेश कुमार, अमित शाह और मोदी पर लगाए आरोप
राहुल गांधी कांग्रेस की ‘गोंय राखण यात्रा’ में शामिल हुए। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ करीब दो किलोमीटर पैदल मार्च किया और बाद में जनसभा को संबोधित किया। राहुल ने कहा कि पूरे देश को पता है कि सीईसी ज्ञानेश कुमार ‘वोट चोरी’ को अंजाम देते हैं और अमित शाह व पीएम मोदी उनका समर्थन करते हैं। उन्होंने कहा कि वोट चोरी के पीछे पूरी योजना बनाई जाती है। कांग्रेस को संविधान का रक्षक बताते हुए उन्होंने कहा कि जिम्मेदार लोगों को न्याय का सामना करना होगा और इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी।
‘मेरे खिलाफ मानहानि के 45 से ज्यादा मामले’
राहुल गांधी ने कहा, ‘मैं आपको एक दिलचस्प बात बताता हूं, मेरे खिलाफ मानहानि के 45 से ज्यादा मामले दर्ज हैं, जिनमें अमित शाह, मोदी जी और अन्य लोगों से जुड़े मामले शामिल हैं। कुल मिलाकर ये 45 मामले हैं। फिर भी, मैं हर मंच से कहता हूं कि नरेंद्र मोदी वोट चुराते हैं, और ऐसा कहने के लिए मेरे खिलाफ कभी कोई मामला दर्ज नहीं किया जाता। क्या आप जानते हैं क्यों? क्योंकि उन्हें डर है कि अगर वे खास तौर पर ‘वोट चोरी’ को लेकर कोई मामला दर्ज करते हैं, तो यह एक बड़ी कानूनी लड़ाई बन जाएगी, और वे उसी में फंसकर रह जाएंगे’।
छात्रों पर पैलेट गन के इस्तेमाल का मुद्दा उठाया
राहुल गांधी ने शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भारत में पहले विश्वस्तरीय शिक्षा व्यवस्था थी, लेकिन अब छात्र प्रदर्शन करते हैं तो उन पर पैलेट गन का इस्तेमाल किया जाता है।
27 दिन चली यात्रा का समापन
‘गोंय राखण यात्रा’ 22 सितंबर को शुरू हुई थी और 18 अक्टूबर को समाप्त हुई। कांग्रेस नेता यूरी अलेमाओ और गिरीश चोडनकर के नेतृत्व में यह यात्रा गोवा की सभी 40 विधानसभा सीटों से होकर गुजरी। इसमें जमीन के इस्तेमाल, भूमि परिवर्तन, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, सार्वजनिक सुरक्षा, पर्यावरण और सांस्कृतिक पहचान से जुड़े मुद्दे उठाए गए।
बीजेपी ने किया पलटवार
राहुल गांधी के बयान पर केशव प्रसाद मौर्य ने पलटवार किया। उन्होंने कांग्रेस को संविधान का रक्षक नहीं, बल्कि भक्षक बताया। मौर्य ने कहा कि देश में लगा आपातकाल इसकी जीती-जागती मिसाल है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के लिए केवल गांधी परिवार ही संविधान है।
गोवा में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में कांग्रेस इस यात्रा के जरिए जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करने और लोगों के बीच पहुंच बढ़ाने की कोशिश कर रही है।
साभार: Asian News Bharat
The post ‘गोंय राखण यात्रा’ में शामिल हुए राहुल गांधी, बोले – कांग्रेस संविधान की रक्षक, ज्ञानेश कुमार, अमित शाह और मोदी पर लगाए आरोप appeared first on OneChhattisgarh.Com.
साभार: OneChhattisgarh.Com


