त्यौहार के पहले उचित मूल्य दुकानों से शक्कर गायब! जानिए क्या है कारण
रायपुर। दीपावली से ठीक पहले छत्तीसगढ़ की उचित मूल्य दुकानों से शक्कर गायब हो गई है। छत्तीसगढ़ सहकारी शक्कर उत्पादक कारखाने से आपूर्ति नहीं होने के कारण नागरिक आपूर्ति निगम ने अक्टूबर महीने के लिए शक्कर का आवंटन ही जारी नहीं किया है।इसके चलते दुकानों में इस महीने शक्कर का वितरण पूरी तरह ठप है। राशनकार्डधारियों को दुकानों पर चावल और नमक तो मिल रहा है, लेकिन शक्कर नहीं मिलने से उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।आपूर्ति क्यों रुकी, विभाग के पास जवाब नहीं
नागरिक आपूर्ति निगम के रायपुर कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, कारखाने से सितंबर महीने में भी शक्कर की आपूर्ति नहीं हो पाई थी। इसी वजह से अक्टूबर में राशन दुकानों के लिए आवंटन जारी नहीं किया जा सका। त्योहार के ठीक पहले जरूरी खाद्य सामग्री की आपूर्ति में आई इस बाधा से हितग्राही काफी परेशान हैं।हैरानी की बात यह है कि सहकारी शक्कर कारखानों से आपूर्ति क्यों प्रभावित हुई, इसकी वजह खाद्य विभाग और नागरिक आपूर्ति निगम के अधिकारी भी स्पष्ट नहीं कर पा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि कारखाने से शक्कर मिलते ही दुकानों में भंडारण करा दिया जाएगा।सितंबर का बचा राशन मिला, अक्टूबर का कोटा अटका
खाद्य विभाग ने सितंबर में खाद्यान्न नहीं ले पाने वाले हितग्राहियों के लिए 15 अक्टूबर तक वितरण का आदेश दिया था। गुरुवार को इसकी अंतिम तारीख थी। इस दौरान कई हितग्राहियों को सितंबर के बचे राशन के साथ शक्कर भी मिली, लेकिन अक्टूबर के कोटे की शक्कर किसी को नहीं मिल रही है।नवंबर में दो महीने की शक्कर मिलने की उम्मीद
कुछ राशन दुकान संचालकों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि उन्हें पहले ही सूचना दे दी गई थी कि अक्टूबर में शक्कर का भंडारण नहीं होगा। विभागीय सूत्रों के अनुसार, अगर अक्टूबर में वितरण नहीं हुआ तो नवंबर में दो महीने की शक्कर एक साथ दी जा सकती है, हालांकि इस पर अभी तक कोई आधिकारिक निर्देश जारी नहीं हुआ है।
The post त्यौहार के पहले उचित मूल्य दुकानों से शक्कर गायब! जानिए क्या है कारण appeared first on Ekhabri.com.
साभार: Ekhabri


