Bhilai Municipal Election 2026: भिलाई समेत 4 निकायों में चुनाव की तैयारी तेज, 30 नवंबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन

दुर्ग-भिलाई। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव की सुगबुगाहट के बीच दुर्ग जिले में भी राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भिलाई, रिसाली, भिलाई-चरोदा नगर निगम और जामुल नगर पालिका में चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने बैठकें शुरू कर दी हैं। वहीं, जिला प्रशासन भी चुनाव की तैयारियों में जुट गया है। मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तारीख 30 नवंबर प्रस्तावित है, जबकि निकाय चुनाव दिसंबर 2026 में होने की संभावना जताई जा रही है।
भिलाई नगर निगम में चुनाव से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर जरूरी आदेश जारी किए गए हैं। मतदान सामग्री के वितरण, पोलिंग पार्टियों की रवानगी और मतगणना के लिए सेक्टर-7 स्थित कल्याण स्नातकोत्तर महाविद्यालय को केंद्र बनाया गया है। दूसरी ओर, मतदाता सूची तैयार करने और दावा-आपत्ति की प्रक्रिया को लेकर भी तैयारियां की जा रही हैं।
कल्याण कॉलेज से रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां, यहीं होगी मतगणना
आगामी निकाय चुनाव के लिए भिलाई नगर निगम ने मतदान से लेकर मतगणना तक की व्यवस्था तय करनी शुरू कर दी है। निगम आयुक्त की ओर से उप जिला निर्वाचन अधिकारी को भेजे गए पत्र के अनुसार, महापौर और वार्ड पार्षद पदों के नामांकन पत्र भिलाई निगम के महापौर कार्यालय में प्राप्त किए जाएंगे।
वहीं, मतदान सामग्री का वितरण, मतदान दलों की रवानगी और मतदान के बाद उनकी वापसी की व्यवस्था कल्याण स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सेक्टर-7 में होगी। मतगणना भी इसी कॉलेज में कराई जाएगी। इससे मतदान से जुड़ी प्रमुख प्रक्रियाओं के लिए एक ही केंद्र निर्धारित किया गया है।
नए मतदाताओं के नाम जोड़ने पर जोर
चुनाव की तैयारियों के बीच मतदाता सूची को अपडेट करने पर भी ध्यान दिया जा रहा है। सूची में छूटे मतदाताओं और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसके तहत बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) और बीएलओ पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया है। उन्हें मतदाता सूची तैयार करने, नए नाम जोड़ने और दावा-आपत्ति से जुड़ी प्रक्रिया की जानकारी दी गई है।
बीएलओ की ट्रेनिंग पूरी, अब अगले चरण की तैयारी
दुर्ग जिले के भिलाई, रिसाली और भिलाई-चरोदा नगर निगम के साथ जामुल नगर पालिका में भी चुनाव होने हैं। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। हाल ही में दुर्ग में बीएलओ का प्रशिक्षण पूरा हुआ है। अब प्रशासन अगले चरण की तैयारियों में जुटा है।
चुनाव की आहट से वार्डों में सक्रिय हुए पार्षद
चुनाव नजदीक आते ही वार्डों में राजनीतिक हलचल भी बढ़ने लगी है। भिलाई नगर निगम के पार्षद अपने-अपने वार्डों में पहुंचकर लोगों को कराए गए विकास कार्यों की जानकारी दे रहे हैं। वहीं, कुछ पार्षद केंद्र सरकार की योजनाओं का जिक्र कर मतदाताओं से संपर्क साध रहे हैं।
दूसरी ओर, दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के नेता अलग-अलग निकायों और पंचायतों में बैठकें कर चुके हैं। वार्डवार प्रत्याशियों के चयन की तैयारी भी शुरू हो गई है। इसके लिए कमेटियों का गठन किया जा रहा है।
साभार: Asian News Bharat


