स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी: ईमेल में कॉन्सर्ट वाले स्टेडियमों का भी जिक्र, पुलिस, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते ने की जांच…

नई दिल्ली: गुजरात के अहमदाबाद में बुधवार को करीब 10 निजी स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा टीमें स्कूलों में पहुंचीं। पूरे परिसर की जांच की गई, लेकिन किसी भी स्कूल में संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। अधिकारियों ने धमकी को फर्जी बताया है।
सुबह धमाके की कही थी बात
पुलिस के मुताबिक, धमकी भरे ईमेल में दावा किया गया था कि बुधवार सुबह स्कूलों में बम धमाके किए जाएंगे। ईमेल भेजने वाले ने खुद को ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ से जुड़ा बताया था। हालांकि, जांच में अभी तक इस संगठन से धमकी का कोई संबंध सामने नहीं आया है।
बम स्क्वॉड ने की तलाशी
धमकी के बाद बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड और एंटी-सैबोटाज टीमों को स्कूलों में भेजा गया। टीमों ने कक्षाओं, परिसरों और आसपास के इलाकों की गहन तलाशी ली। डीसीपी जोन-7 शिव वर्मा ने बताया कि सभी स्कूलों की जांच की गई, लेकिन कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली।
दिल्ली-अहमदाबाद स्टेडियम को भी धमकी
ईमेल में दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 1 नवंबर और अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 21 नवंबर को बम धमाके की धमकी दी गई। इन तारीखों पर दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट होने हैं। फिलहाल पुलिस ईमेल के स्रोत और इसे भेजने वाले की पहचान में जुटी है।
साभार: Asian News Bharat


