सिंगापुर में छत्तीसगढ़ की बड़ी पहल, निवेश और हरित विकास पर मंथन
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधिमंडल सिंगापुर प्रवास पर है। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के नामांकन के बाद सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन (SBF) द्वारा आयोजित प्रथम ‘सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम 2026’ में छत्तीसगढ़ प्रतिनिधिमंडल प्रदेश की निवेश संभावनाओं और विकास विजन को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत कर रहा है।
सिंगापुर प्रवास के पहले दिन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने विश्व प्रसिद्ध गार्डन्स बाय द बे के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में गार्डन्स बाय द बे के जनरल मैनेजर, मास्टर प्लानिंग जेसन येओ और डायरेक्टर लिम चियाप सॉन्ग सहित संस्थान के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल को गार्डन्स बाय द बे की मास्टर प्लानिंग, सतत डिजाइन, उद्यान प्रबंधन और शहरी हरियाली से जुड़ी कार्यप्रणालियों की जानकारी दी गई। इस दौरान उद्यानिकी, वनस्पति संरक्षण, शहरी हरित क्षेत्र, ईको-टूरिज्म और क्षमता विकास के क्षेत्र में संस्थागत सहयोग की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संपदा, समृद्ध वनों और जैव विविधता से समृद्ध प्रदेश है। गार्डन्स बाय द बे की विशेषज्ञता और अनुभव का उपयोग नवा रायपुर में प्रस्तावित बॉटनिकल गार्डन के विकास के साथ-साथ प्रदेश के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर लैंडस्केपिंग तथा हरित क्षेत्रों के विस्तार के लिए किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि इस तरह की साझेदारी से छत्तीसगढ़ में पर्यटन की संभावनाओं को नया विस्तार मिलेगा। इससे प्रदेश में पर्यटकों की संख्या बढ़ाने के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा किए जा सकते हैं।
सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के लीडरशिप डिनर में शामिल हुए सीएम साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने SING फोरम 2026 की पूर्व संध्या पर सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित लीडरशिप डिनर में भी हिस्सा लिया। कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले, सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के चेयरमैन मार्क ली और सीईओ कोक पिंग सून सहित कई प्रमुख प्रतिनिधि मौजूद रहे।
लीडरशिप डिनर में सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के सदस्यों के अलावा मास्टरकार्ड, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, नेस्ले और द इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड जैसी प्रमुख कंपनियों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। इस दौरान छत्तीसगढ़ के सात सदस्यीय और हरियाणा के 26 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की भी सहभागिता रही।
यह आयोजन भारत के विभिन्न राज्यों और सिंगापुर के कारोबारी समुदाय के बीच निवेश, व्यापार और दीर्घकालिक आर्थिक साझेदारी को लेकर संवाद का महत्वपूर्ण मंच बना।
निवेशकों के सामने रखा विकसित छत्तीसगढ़ का विजन
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने लीडरशिप डिनर के दौरान छत्तीसगढ़ को तेजी से उभरते निवेश गंतव्य के रूप में प्रस्तुत किया। उन्होंने प्रदेश की औद्योगिक नीति, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के लिए किए जा रहे सुधारों और एमएसएमई, स्टार्टअप तथा मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में मौजूद निवेश अवसरों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने सिंगापुर के उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की यात्रा में सहभागी बनने का आमंत्रण दिया। उन्होंने प्रदेश में उपलब्ध निवेश संभावनाओं का लाभ उठाने और छत्तीसगढ़ के साथ आर्थिक साझेदारी बढ़ाने की अपील की।
5 अक्टूबर को SING फोरम में शामिल होंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 5 अक्टूबर को SING फोरम 2026 में सहभागिता करेंगे। इसके बाद 6 अक्टूबर को सिंगापुर की प्रमुख कंपनियों और निवेश संस्थानों के शीर्ष नेतृत्व के साथ सीईओ राउंडटेबल में शामिल होंगे।
सीईओ राउंडटेबल में छत्तीसगढ़ की निवेश संभावनाओं, औद्योगिक विकास और आर्थिक साझेदारी के अवसरों पर विस्तार से चर्चा होगी। सिंगापुर दौरे को छत्तीसगढ़ में निवेश आकर्षित करने और प्रदेश के विकास मॉडल को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
The post सिंगापुर में छत्तीसगढ़ की बड़ी पहल, निवेश और हरित विकास पर मंथन appeared first on Ekhabri.com.
साभार: Ekhabri


