Bihar Crime : 24 घंटे में बाबूबरही लूटकांड का खुलासा, 3 कट्टे-गांजा और 2.36 लाख के साथ 4 गिरफ्तार

Bihar Crime : मधुबनी। बाबूबरही थाना क्षेत्र में हुई लूट की वारदात का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से अवैध हथियार, जिंदा कारतूस, गांजा, दो मोटरसाइकिल और नकदी बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक, 1 अक्टूबर को तिरहुता गांव निवासी रामवृक्ष साहु ने शिकायत दर्ज कराई थी कि बदमाशों ने उनसे 3.40 लाख नकद, दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल लूट ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष जांच टीम गठित की गई।
तकनीकी विश्लेषण और स्थानीय सूचना के आधार पर टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर चार आरोपितों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राजकुमार मंडल और करण साफी, दोनों तेनुआही निवासी, विजय कुमार राम निवासी तेनुआही और दीपक सरहान निवासी कसमा मरार के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपितों के पास से 3 देशी कट्टे, 3 जिंदा कारतूस, 2 मोटरसाइकिल, 2.5 किलो गांजा और 2.36 लाख नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपित राजकुमार मंडल के खिलाफ पहले से लूट और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं। अन्य आरोपितों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
हथियार और गांजा बरामद होने के बाद बाबूबरही थाना में अलग से NDPS Act, आर्म्स एक्ट और BNS की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और संभावित कनेक्शन की जांच कर रही है।
साभार: Asian News Bharat


