दीपक अग्रवाल के अवकाश के बीच सरकार ने दो IAS को सौंपी जिम्मेदारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। यह प्रशासनिक व्यवस्था नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन दीपक कुमार अग्रवाल के अवकाश पर रहने के दौरान लागू रहेगी।
आदेश के अनुसार दीपक कुमार अग्रवाल, नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन, छत्तीसगढ़ और सचिव, छत्तीसगढ़ लोक आयोग के अतिरिक्त प्रभार पर हैं। वह 9 सितंबर 2026 से 27 नवंबर 2026 तक अवकाश पर रहेंगे।
दीपक कुमार अग्रवाल की अनुपस्थिति के दौरान राजेंद्र कुमार कटारा को नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, छत्तीसगढ़ का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। कटारा वर्तमान में विशेष सचिव, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा संचालक, आयुष एवं पंजीयक, फर्म एवं संस्थाएं के अतिरिक्त प्रभार की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वह अपने वर्तमान दायित्वों के साथ खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे।
वहीं इफ्फत आरा को सचिव, छत्तीसगढ़ लोक आयोग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वह वर्तमान में विशेष सचिव, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के पद पर कार्यरत हैं। दीपक अग्रवाल की अनुपस्थिति के दौरान वह अपने वर्तमान दायित्वों के साथ सचिव, छत्तीसगढ़ लोक आयोग की जिम्मेदारी भी संभालेंगी।
सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह व्यवस्था दीपक कुमार अग्रवाल के अवकाश की अवधि को ध्यान में रखते हुए की गई है। इसके तहत खाद्य एवं औषधि प्रशासन और छत्तीसगढ़ लोक आयोग के कामकाज के लिए वैकल्पिक प्रशासनिक व्यवस्था की गई है।
The post दीपक अग्रवाल के अवकाश के बीच सरकार ने दो IAS को सौंपी जिम्मेदारी appeared first on Ekhabri.com.
Source: Ekhabri


