UP Crime : स्कूल में शिक्षिका को गोली मारने के बाद युवक ने खुद को भी मारी गोली, दोनों की मौत

UP Crime : लखीमपुर। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर जिले में सोमवार को एक स्कूल के भीतर हुई गोलीबारी की घटना से हड़कंप मच गया। सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित शाहपुरा कोठी के चिल्ड्रन्स एकेडमी स्कूल में एक युवक ने महिला शिक्षिका को गोली मार दी। इसके बाद उसी हथियार से खुद को भी गोली मार ली। घटना में दोनों की मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान 28 वर्षीय शिक्षिका निशात फातिमा और 30 वर्षीय मोहम्मद सऊद के रूप में हुई है। घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बच्चे व शिक्षक दहशत में आ गए।
स्कूल में मिलने के बाद ऊपर गया युवक
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, मोहम्मद सऊद सोमवार को स्कूल पहुंचा था और शिक्षिका निशात फातिमा से मिलने की बात कही। दोनों स्कूल की दूसरी मंजिल के कॉरिडोर की ओर गए, जहां कुछ देर बातचीत हुई। पुलिस का कहना है कि इसी दौरान युवक ने अपने बैग से तमंचा निकाला और शिक्षिका पर गोली चला दी। गोली लगने से शिक्षिका गंभीर रूप से घायल होकर गिर गईं। इसके बाद युवक ने खुद को भी गोली मार ली। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
गोलियों की आवाज से मची अफरा-तफरी
फायरिंग की आवाज सुनकर स्कूल में मौजूद शिक्षक और बच्चे बाहर निकले। दूसरी मंजिल पर दोनों को पड़ा देखकर स्कूल प्रशासन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस बल के साथ वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।
CCTV और परिजनों से जानकारी जुटा रही पुलिस
एसपी डॉ. ख्याति गर्ग के मुताबिक, घटना सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे की है। शिक्षिका करीब एक साल से स्कूल में पढ़ा रही थीं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि युवक स्कूल क्यों आया था और गोलीबारी के पीछे की वजह क्या थी। जांच टीम स्कूल परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही दोनों मृतकों के परिजनों से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
Source: Nishaanebaz


