सड़क हादसे के घायलों से मिले विजय शर्मा, डॉक्टरों से ली उपचार जानकारी
रायपुर। महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर राजमार्ग पर हुए सड़क हादसे में घायल कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा क्षेत्र के लोगों से उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने एम्स रायपुर पहुंचकर मुलाकात की। मंगलवार देर शाम एम्स पहुंचे उप मुख्यमंत्री ने घायलों और उनके परिजनों से आत्मीयता से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने एम्स रायपुर के विशेषज्ञ चिकित्सकों से मुलाकात कर घायलों के उपचार की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने घायलों की वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति, चल रहे उपचार और आगे की चिकित्सा प्रक्रिया के संबंध में चिकित्सकों से चर्चा की। उन्होंने सभी घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान विजय शर्मा ने ग्राम बांधाटोला निवासी पांच वर्षीय लुकेश पटेल, दो वर्षीय डाली पटेल और 26 वर्षीय ललिता पटेल से मुलाकात कर उनका हाल जाना। मासूम बच्चों सहित हादसे में घायल लोगों और उनके परिजनों से बातचीत करते हुए उन्होंने उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में सरकार और प्रशासन पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है।
उप मुख्यमंत्री हादसे के बाद से ही पीड़ित परिवारों के संपर्क में हैं। अस्पताल में भर्ती कराने से लेकर घायलों के उपचार तक वे लगातार स्थिति की जानकारी ले रहे हैं और प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन के साथ समन्वय कर रहे हैं।
दिवंगतों के घर पहुंचकर जता चुके हैं संवेदना
हादसे के बाद विजय शर्मा कबीरधाम जिले में दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों के घर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित कर चुके हैं। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त की थीं और उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया था। इस दौरान उन्होंने हादसे में घायल लोगों के परिजनों से भी मुलाकात कर उनके उपचार और स्वास्थ्य की जानकारी ली थी।
The post सड़क हादसे के घायलों से मिले विजय शर्मा, डॉक्टरों से ली उपचार जानकारी appeared first on Ekhabri.com.
Source: Ekhabri


