सैनिक स्कूल के विद्यार्थियों को राज्यपाल डेका की सीख, लक्ष्य तय कर करें मेहनत
रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका से शुक्रवार को लोक भवन में सैनिक स्कूल अंबिकापुर के विद्यार्थियों ने मुलाकात की और संवाद किया। इस दौरान राज्यपाल ने विद्यार्थियों को सफलता के लिए अनुशासन, आत्मनियंत्रण और कठोर परिश्रम को जीवन का आधार बनाने की प्रेरणा दी।
राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि विद्यार्थियों के लिए यह सौभाग्य की बात है कि उन्हें सैनिक स्कूल जैसी उत्कृष्ट शैक्षणिक संस्था में अध्ययन करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सैनिक स्कूल में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अनुशासन, समय की पाबंदी तथा शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का महत्व भी सिखाया जाता है। सफलता का आधारभूत बिंदु अनुशासन है और इसे जीवन में अपनाकर विद्यार्थी अपने लक्ष्यों को बेहतर तरीके से हासिल कर सकते हैं।
राज्यपाल ने कहा कि वर्तमान समय में पढ़ाई, नौकरी और करियर को लेकर तनाव एक बड़ी चुनौती बन गया है। तनाव का सामना करने के लिए व्यक्ति को अपनी परिस्थितियों और उपलब्धियों के प्रति संतुष्ट रहना सीखना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानकर उसी के अनुरूप कार्य करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मन को नियंत्रित रखते हुए अपनी योग्यता और ऊर्जा को सही दिशा में लगाया जाए तो सफलता प्राप्त करना संभव है।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि कठोर परिश्रम का कोई विकल्प नहीं है। योग्यता के साथ निरंतर मेहनत की जाए तो सफलता प्राप्त करने से कोई नहीं रोक सकता। विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए पूरी लगन और मेहनत से प्रयास करना चाहिए।
राज्यपाल ने विद्यार्थियों को गुरुजनों और पालकों की बातों को गंभीरता से सुनने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने कहा कि किसी भी निर्णय के समय अपने तर्क और बुद्धि का भी उपयोग करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी ‘थिंकिंग प्रोसेस’ को हमेशा सक्रिय रखने और परिस्थितियों का तार्किक ढंग से विश्लेषण करने के लिए प्रेरित किया।
संवाद के दौरान सैनिक स्कूल अंबिकापुर के विद्यार्थियों ने राज्यपाल से उनके जीवन, करियर और सार्वजनिक जीवन से जुड़े कई सवाल पूछे। राज्यपाल ने विद्यार्थियों के प्रश्नों का सहजता से उत्तर दिया। उन्होंने अपने संवैधानिक पद के दायित्वों की जानकारी देने के साथ ही सार्वजनिक जीवन की अपनी यात्रा से जुड़े अनुभव भी विद्यार्थियों के साथ साझा किए।
इस अवसर पर सैनिक स्कूल अंबिकापुर के विद्यार्थियों को लोक भवन का भ्रमण भी कराया गया। कार्यक्रम में सैनिक स्कूल के शिक्षकगण भी उपस्थित रहे।
The post सैनिक स्कूल के विद्यार्थियों को राज्यपाल डेका की सीख, लक्ष्य तय कर करें मेहनत appeared first on Ekhabri.com.
Source: Ekhabri


