एशियन गेम्स के भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के कोच होंगे VVS लक्ष्मण, गंभीर संभालेंगे वेस्टइंडीज सीरीज की जिम्मेदारी, महिला टीम की कोचिंग मजूमदार के पास

नई दिल्ली: बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) के निदेशक और पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्मण जापान के आइची-नगोया में होने वाले एशियाई खेलों में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के मुख्य कोच होंगे। खेल मंत्रालय की ओर से जारी सूची में लक्ष्मण का नाम शामिल है।
सुनील जोशी समेत तीन सहायक कोच
लक्ष्मण के साथ सपोर्ट स्टाफ में पूर्व क्रिकेटर सुनील जोशी, ऋषिकेश कानित्कर और शुभादीप घोष शामिल होंगे। लक्ष्मण इससे पहले 2023 में हांगझू एशियाई खेलों में भी भारतीय टीम के साथ गए थे। उस टूर्नामेंट में भारत ने क्रिकेट में स्वर्ण पदक जीता था।
वेस्टइंडीज सीरीज में व्यस्त होंगे गंभीर
भारतीय सीनियर टीम के नियमित मुख्य कोच गौतम गंभीर एशियाई खेलों के दौरान वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज में टीम के साथ रहेंगे। सीरीज का पहला मैच 27 सितंबर को खेला जाना है। वहीं एशियाई खेलों में क्रिकेट प्रतियोगिता 24 सितंबर से शुरू होगी।
महिला टीम की कमान मजूमदार के पास
भारतीय महिला टीम के मुख्य कोच अमोल मजूमदार अपनी जिम्मेदारी संभालते रहेंगे। उनके साथ गेंदबाजी कोच आविष्कार साल्वी और फील्डिंग कोच मुनीश बाली सपोर्ट स्टाफ में होंगे। महिला टीम क्वार्टर फाइनल से अभियान शुरू करेगी और उसका मुकाबला जापान से होगा।
पुरुष टीम ग्रुप ए की टीम से खेलेगी
भारतीय पुरुष टीम भी क्वार्टर फाइनल में उतरेगी और ग्रुप ए में दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम से भिड़ेगी। ग्रुप ए में अफगानिस्तान, जापान और नेपाल शामिल हैं। पुरुष टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर करेंगे, जबकि महिला टीम की कमान हरमनप्रीत कौर के हाथों में होगी। दोनों टीमें पिछले एशियाई खेलों में जीते स्वर्ण पदक का बचाव करने उतरेंगी। भारतीय पुरुष टीम में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी भी शामिल हैं।
एशियन गेम्स के लिए भारतीय क्रिकेट टीमें:
पुरुष टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, वैभव सूर्यवंशी।
महिला टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, प्रतिका रावल, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष, गुनालन कामलिनी, भारती फुलमाली, श्री चरणी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, श्रेयंका पाटिल, राधा यादव, नंदिनी शर्मा।
Source: Nishaanebaz

