MP Crime : 60 हजार चुकाने के बाद भी मांगे 1.5 लाख, पत्नी-बेटी को उठाने पहुंचे सूदखोर, 4 गिरफ्तार

MP Crime : देवास। जिले के कन्नौद क्षेत्र में सूदखोरी और दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इलाज के लिए लिए गए 30 हजार रुपए के कर्ज के बदले 60 हजार रुपए लौटाने के बावजूद सूदखोरों ने परिवार से 1.5 लाख रुपए की अतिरिक्त रकम मांगना जारी रखा। रकम नहीं देने पर आरोपियों ने घर में घुसकर मारपीट की और पीड़ित की पत्नी व 10 वर्षीय बेटी को जबरन साथ ले जाने की कोशिश की।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित ने पत्नी और बच्चों के इलाज के लिए शाजापुर जिले के भीमपुरा निवासी हसीब उर्फ रहमान से 30 हजार रुपए उधार लिए थे। पीड़ित का दावा है कि उसने कर्ज की रकम के बदले 60 हजार रुपए चुका दिए थे। इसके बावजूद आरोपी 1.5 लाख रुपए की मांग कर धमकियां दे रहा था।
लगातार मिल रही धमकियों से परेशान परिवार शुजालपुर से कन्नौद आकर रहने लगा था। आरोप है कि आरोपी अपने साथियों के साथ यहां भी पहुंच गया और घर में घुसकर परिवार के साथ मारपीट की। इसी दौरान पत्नी और 10 साल की बेटी को जबरन ले जाने की कोशिश की गई।
मामले की सूचना मिलते ही कन्नौद पुलिस ने नाकाबंदी कर कार का पीछा किया और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी हसीब उर्फ रहमान के साथ आशिक, आरिफ और अशोक को पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध खटकेदार चाकू और वारदात में इस्तेमाल कार भी जब्त की गई है।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच इस दिशा में भी की जा रही है कि कहीं आरोपियों ने अन्य लोगों को भी अवैध ब्याज और सूदखोरी के जरिए परेशान तो नहीं किया।
Source: Nishaanebaz


