होम Chhattisgarh बारिश में भी नहीं थमा उत्साह, गुरु वंदन उत्सव ऑडिशन में उमड़ी प्रतिभाएं
Chhattisgarh

बारिश में भी नहीं थमा उत्साह, गुरु वंदन उत्सव ऑडिशन में उमड़ी प्रतिभाएं

WhatsApp Facebook
बारिश में भी नहीं थमा उत्साह, गुरु वंदन उत्सव ऑडिशन में उमड़ी प्रतिभाएं

For latest updates, join our official groups:

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

 

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश और कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन, नगर निगम रायपुर, कला केंद्र एवं स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित “तिरंगा शक्ति फेस्ट 2026 गुरु वंदन उत्सव” के तहत सिंगिंग एवं डांसिंग ऑडिशन के पहले दिन प्रतिभाओं का सैलाब देखने को मिला। शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित इस विशेष ऑडिशन में शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

 

लगातार बारिश के बावजूद ऑडिशन को लेकर प्रतिभागियों का उत्साह कम नहीं हुआ। खराब मौसम के बीच भी बड़ी संख्या में प्रतिभागी अपनी कला का प्रदर्शन करने ऑडिशन स्थल पहुंचे। टाउन हॉल परिसर में प्रतिभागियों के साथ उनके अभिभावकों और समर्थकों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।

 

ऑडिशन के पहले दिन 94 से अधिक प्रस्तुतियां हुईं। गायन और नृत्य की इन प्रस्तुतियों में प्रतिभागियों ने बॉलीवुड, देशभक्ति और भक्ति गीतों एवं प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों के आत्मविश्वास, रचनात्मकता और मंचीय प्रस्तुति ने निर्णायक मंडल को प्रभावित किया।

 

गायन वर्ग में निर्णायक के रूप में पद्मश्री छायाधर भारती ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया। छत्तीसगढ़ के प्रतिष्ठित कबीर गायन एवं सूफी संगीत कलाकार छायाधर भारती ने प्रतिभागियों को गायन की बारीकियों, सुर और मंचीय प्रस्तुति से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कई प्रतिभागियों को मौके पर ही बेहतर प्रस्तुति के लिए मार्गदर्शन भी दिया।

 

नृत्य वर्ग में छत्तीसगढ़ की लोक नृत्य परंपरा के प्रतिष्ठित कलाकार राजू शर्मा ने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया। उन्होंने प्रतिभागियों को नृत्य की बारीकियों, भाव-भंगिमा और मंच पर प्रभावी प्रस्तुति को लेकर उपयोगी सुझाव दिए।

 

छत्तीसगढ़ लोक रत्न और बहुमुखी प्रतिभा के धनी कलाकार संतोष चंद्राकर ने भी प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का आकलन किया। उन्होंने प्रतिभागियों को उनकी कला में सुधार के लिए महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए अपने अनुभव के माध्यम से उनका उत्साह बढ़ाया।

 

ऑडिशन के दौरान निर्णायकों और प्रतिभागियों के बीच सीधा संवाद विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। यह आयोजन केवल प्रतिभाओं के चयन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि प्रतिभागियों को अनुभवी कलाकारों से सीखने और अपनी कला को और बेहतर बनाने का अवसर भी मिला।

 

बड़ी संख्या में प्रतिभागियों की सहभागिता और लगातार मिल रहे उत्साह को देखते हुए ऑडिशन की अवधि एक दिन के लिए बढ़ा दी गई है। अब इच्छुक शिक्षक, अभिभावक और विद्यार्थी 31 अगस्त 2026 को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक टाउन हॉल, रायपुर में ऑडिशन में शामिल हो सकते हैं।

 

आयोजन समिति ने अधिक से अधिक इच्छुक प्रतिभागियों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। चयनित प्रतिभागियों को आगामी 3 सितंबर 2026 को शहीद स्मारक भवन, रायपुर में आयोजित होने वाले भव्य ग्रैंड फिनाले में अपनी प्रस्तुति देने का अवसर मिलेगा।

 

आयोजकों ने ऑडिशन में शामिल प्रतिभागियों, अभिभावकों, शिक्षकों और दर्शकों के उत्साह एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया है। साथ ही 31 अगस्त को होने वाले अतिरिक्त ऑडिशन में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभागियों से शामिल होने की अपील की गई है।

 

The post बारिश में भी नहीं थमा उत्साह, गुरु वंदन उत्सव ऑडिशन में उमड़ी प्रतिभाएं appeared first on Ekhabri.com.

Source: Ekhabri

Ekhabri
मीडिया पार्टनर साभार (Syndicated) Ekhabri
मूल लेख पढ़ें ↗
दोस्तों के साथ साझा करें
📰 सम्बन्धित समाचार

यह भी पढ़ें (सम्बंधित ख़बरे)