होम › Technology › CG Crime: नाबालिग को धमकाकर करवाते थे चोरी, कांग्रेस पार्षद के बेटे समेत 3 गिरफ्तार
Technology

CG Crime: नाबालिग को धमकाकर करवाते थे चोरी, कांग्रेस पार्षद के बेटे समेत 3 गिरफ्तार

WhatsApp Facebook
CG Crime: नाबालिग को धमकाकर करवाते थे चोरी, कांग्रेस पार्षद के बेटे समेत 3 गिरफ्तार

For latest updates, join our official groups:

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

35405-untitledpng01 CG Crime: नाबालिग को धमकाकर करवाते थे चोरी, कांग्रेस पार्षद के बेटे समेत 3 गिरफ्तार

CG Crime: दुर्ग-भिलाई। भिलाई में नाबालिग को कथित तौर पर धमकाकर उसके ही रिश्तेदारों के घर से सोने के जेवर चोरी करवाने का मामला सामने आया है। स्मृतिनगर पुलिस ने इस मामले में कांग्रेस पार्षद के बेटे समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से दोनों मामलों में करीब 8 लाख रुपए के सोने के जेवर और अन्य चोरी का सामान बरामद किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वार्ड नंबर-6 के कांग्रेस पार्षद रविशंकर कुर्रे के बेटे अनुराग कुर्रे (32), करन सोनी (25) और रोहित गुप्ता (23) के रूप में हुई है। पुलिस का आरोप है कि अनुराग कुर्रे नाबालिग को ऑनलाइन बेटिंग ऐप में पैसे लगाने का आदी बना रहा था और बाद में उस पर चोरी के लिए दबाव बनाया गया।

धमकी देकर घर से जेवर लाने का बनाया दबाव

मामला स्मृतिनगर पुलिस चौकी क्षेत्र का है। दुर्गानगर जुनवानी रोड निवासी मोहम्मद मोहसीन खान ने 9 अगस्त को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, करीब दो-तीन महीने पहले 17 वर्षीय नाबालिग को अनुराग कुर्रे और उसके साथियों ने कथित तौर पर धमकाया। आरोप है कि उसे जान से मारने की धमकी देकर घर से सोने के जेवर लाने के लिए मजबूर किया गया। इसके बाद नाबालिग के जरिए मोहम्मद मोहसीन खान के घर से दो सोने की अंगूठियां, एक हार, एक जोड़ी कान की बालियां और एक मंगलसूत्र चोरी करवाने का आरोप है।

नाबालिग की मां ने भी दर्ज कराई शिकायत

इस मामले में नाबालिग की मां शाहीन परवीन ने भी स्मृतिनगर चौकी में शिकायत दर्ज कराई। उनके मुताबिक, नाबालिग ने घर से एक जोड़ी सोने के कंगन, एक मंगलसूत्र और दो सोने की अंगूठियां चोरी कर अनुराग कुर्रे को दे दी थीं। दोनों शिकायतों के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की।

पूछताछ के बाद चोरी के जेवर बरामद

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने संदिग्धों की तलाश शुरू की। जांच और पूछताछ के बाद अनुराग कुर्रे, करन सोनी और रोहित गुप्ता को हिरासत में लिया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए सोने के जेवर बरामद किए गए। दोनों मामलों में बरामद सामान की कुल कीमत करीब 8 लाख रुपए बताई गई है। बरामद सामान में सोने की अंगूठियां, हार, कान की बालियां, मंगलसूत्र और कंगन सहित अन्य आभूषण शामिल हैं।

नाबालिग को बना रहे थे जरिया

पुलिस के अनुसार, आरोपी कथित तौर पर खुद चोरी करने के बजाय नाबालिग को दबाव और धमकी के जरिए इस्तेमाल कर रहे थे। नाबालिग से उसके परिचितों और रिश्तेदारों के घर से जेवर लाने के लिए कहा जाता था और बाद में आरोपी उन आभूषणों को अपने कब्जे में ले लेते थे। पुलिस ने तकनीकी जानकारी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की बात कही है।

तीनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया। कोर्ट के आदेश पर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी नाबालिग पर दबाव डालकर उसे किसी अपराध में इस्तेमाल किए जाने की जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Source: Asian News Bharat

Asian News Bharat
मीडिया पार्टनर साभार (Syndicated) Asian News Bharat
मूल लेख पढ़ें ↗
दोस्तों के साथ साझा करें
📰 सम्बन्धित समाचार

यह भी पढ़ें (सम्बंधित ख़बरे)