41 गांवों में पहुंची नेत्र सेवा, चार हजार ग्रामीणों की हुई जांच
रायगढ़। अदाणी पावर लिमिटेड, छोटे भंडार की सामाजिक विकास इकाई अदाणी फाउंडेशन की ओर से संचालित विज़न केयर कार्यक्रम के तहत रायगढ़ जिले के प्लांट परिधीय क्षेत्र और रेलवे कॉरिडोर से जुड़े 41 गांवों में निःशुल्क नेत्र जांच एवं चश्मा वितरण अभियान पूरा किया गया। “स्पष्ट दृष्टि, बेहतर भविष्य” थीम पर आयोजित इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में नेत्र स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाना और विशेष रूप से महिलाओं तथा वरिष्ठ नागरिकों को समय पर जांच, परामर्श और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना था।

विज़न केयर संस्था के माध्यम से यह अभियान 15 जुलाई से 27 अगस्त 2026 तक संचालित किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, रायगढ़ से पूर्व अनुमति के बाद आयोजित अभियान की शुरुआत ग्राम बरपाली से हुई। इसके बाद बड़े भंडार, छोटे भंडार, सरवानी, बुनगा, टपरदा, सूपा, कोटमरा, जतरी, काशीचुवा, कलमा, चंदली, रैबार, चिखली, उच्चभित्ति, उसरौत और गोर्रा समेत 41 गांवों में चरणबद्ध तरीके से नेत्र जांच शिविर आयोजित किए गए।
अभियान के दौरान कुल 4,000 ग्रामीणों की नेत्र जांच की गई। इनमें 2,205 पुरुष और 1,795 महिलाएं शामिल रहीं। जांच का लाभ वयस्कों और वरिष्ठ नागरिकों को दिया गया। जांच के बाद 1,939 लोगों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए। जुलाई और अगस्त 2026 के दौरान 695 चश्मों की बुकिंग की गई थी, जिनमें से 500 चश्मे वितरित किए जा चुके हैं। शेष 195 चश्मों का वितरण सितंबर के अंत तक पूरा किए जाने की योजना है।
नेत्र जांच के दौरान 985 लोगों में मोतियाबिंद, रिफ्रैक्टिव एरर और अन्य नेत्र संबंधी समस्याओं की पहचान हुई। इन लोगों को आगे की विस्तृत जांच और आवश्यक उपचार के लिए शासकीय जिला चिकित्सालय रायगढ़ तथा मेडिकल कॉलेज रायगढ़ रेफर किया गया है।

विज़न केयर अभियान अदाणी फाउंडेशन के वार्षिक स्वास्थ्य कार्यक्रमों का हिस्सा है और इस पहल का यह दूसरा वर्ष रहा। पिछले वर्ष कार्यक्रम के माध्यम से 2,000 ग्रामीणों और 2,000 स्कूली छात्रों को लाभ मिला था। इस वर्ष अभियान को ग्रामीण समुदाय पर केंद्रित करते हुए 4,000 लोगों तक पहुंचाया गया। कार्यक्रम में महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के नेत्र स्वास्थ्य को विशेष प्राथमिकता दी गई।
अभियान के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं का भी सहयोग मिला। ग्राम बरपाली के सरपंच संजय मैत्री, बड़े भंडार के सरपंच ओम प्रकाश गुप्ता और बुनगा के सरपंच वेद प्रकाश साहू सहित विभिन्न गांवों के सरपंच, उपसरपंच और स्वास्थ्य कार्यकर्ता शिविरों में मौजूद रहे। उन्होंने ग्रामीणों को नेत्र जांच कराने और उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
ग्राम बरपाली के 76 वर्षीय किसान हरिराम भारती ने शिविर को अपने लिए मददगार बताते हुए कहा कि पिछले कुछ वर्षों से उनकी आंखों की रोशनी कमजोर हो रही थी, जिससे खेती और दैनिक कार्यों में परेशानी आती थी। निःशुल्क नेत्र जांच शिविर में उनकी समस्या की पहचान हुई और आवश्यक परामर्श मिला। उन्होंने कहा कि शिविर उनके लिए स्वास्थ्य सेवा के साथ नई उम्मीद लेकर आया है।
अदाणी फाउंडेशन स्वास्थ्य, शिक्षा, आजीविका और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीण समुदायों के सशक्तिकरण के लिए काम कर रहा है। विज़न केयर कार्यक्रम इसी प्रयास का हिस्सा है, जिसके तहत ग्रामीणों को समय पर नेत्र जांच, परामर्श, चश्मा और आवश्यक उपचार तक पहुंच उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण समुदाय के नेत्र स्वास्थ्य में सुधार के साथ उनकी जीवन गुणवत्ता को बेहतर बनाने में सहयोग देना है।
The post 41 गांवों में पहुंची नेत्र सेवा, चार हजार ग्रामीणों की हुई जांच appeared first on Ekhabri.com.
Source: Ekhabri


