3 STUMPS आनलाइन सट्टा आपरेटर Babu Khemani की 1.42 करोड़ की संपत्ति सीज, छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र में बनाई इतनी प्रॉपर्टी

रायपुर। ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा ऐप ‘3 STUMPS’ के मास्टरमाइंड बाबू उर्फ गुलशन खेमानी की करीब 1.42 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त करने का आदेश कोर्ट ने दिया है। इसमें छत्तीसगढ़ में जमीन, महाराष्ट्र में व्यावसायिक दुकान और बैंक में जमा रकम शामिल है।
सट्टे के अवैध पैसों से बनाई गई थी प्रॉपर्टी
रायपुर पुलिस ने गहन जांच के बाद यह साबित किया था कि गुलशन खेमानी ने ये तमाम संपत्तियां ऑनलाइन सट्टे के अवैध कारोबार से कमाए गए काले धन से बनाई हैं। इसके आधार पर पुलिस ने कोर्ट में जब्ती के लिए आवेदन दिया था, जिस पर न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, रायपुर ने संपत्ति कुर्क करने का आदेश जारी किया। आरोपी गुलशन खेमानी पिछले साल 16 अप्रैल को गिरफ्तारी के बाद से लगातार जेल में बंद है।
अब तक 29 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस इस हाई-प्रोफाइल सट्टा रैकेट के मामले में अब तक सरगना समेत कुल 29 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इससे पहले पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 1.20 करोड़ रुपए कीमत के वाहन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान जब्त किए थे। पुलिस का उद्देश्य सट्टे के इस पूरे वित्तीय नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करना है।
कॉल सेंटर और फर्जी बैंक खातों का इस्तेमाल
पुलिस जांच में खुलासा हुआ था कि गुलशन खेमानी अपने साथियों के साथ मिलकर कॉल सेंटर, अलग-अलग फर्जी मोबाइल नंबरों और कई बैंक खातों के जरिए सट्टे का नेटवर्क चला रहा था। सट्टे से मिलने वाली अवैध रकम को पहले अन्य लोगों के खातों में घुमाया जाता था और फिर कमीशन काटकर मुख्य खातों में ट्रांसफर किया जाता था। गंज थाने में आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम और BNS की धाराओं के तहत मामला दर्ज है।
महादेव ऐप की तर्ज पर चला रहा था पैनल
आरोपी बाबू खेमानी ने ‘महादेव ऐप’ की तर्ज पर ही 3 STUMPS नाम से ऑनलाइन वेबसाइट और पैनल तैयार किया था, जिसके जरिए आईपीएल और अन्य मैचों पर सट्टा खिलवाया जा रहा था। इसके अलावा वह पिछले ढाई साल से रेड्डी ग्रुप, बजरंग ग्रुप, मेट्रो 65 और डायमंड मास्टर जैसे कई अन्य ऑनलाइन पैनल का भी संचालन कर रहा था। पुलिस अब उसके बाकी सहयोगियों और संपत्तियों की भी तलाश कर रही है।
साभार: Asian News Bharat


