200 मेधावी श्रमिक बच्चों का होगा सम्मान, 1.45 लाख श्रमिकों को मिलेंगे 39.67 करोड़
रायपुर, । छत्तीसगढ़ में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के मेधावी बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए 24 अगस्त को राज्य स्तरीय सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। श्रम विभाग के छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा ‘अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना’ के तहत आयोजित यह समारोह दोपहर 12 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, साइंस कॉलेज परिसर के पास, जी.ई. रोड, रायपुर में होगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह करेंगे। श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन अतिविशिष्ट अतिथि तथा छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। समारोह में प्रदेशभर से श्रमिक परिवारों, हितग्राहियों और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता रहेगी।
अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के तहत वर्ष 2025-26 में अध्ययनरत उन मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने शैक्षणिक और खेलकूद के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इसके साथ ही वर्ष 2026-27 में कक्षा 6वीं में नवप्रवेशित 200 प्रतिभावान विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
राज्य सरकार के अनुसार, अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना का उद्देश्य पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। योजना के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने और बेहतर भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
समारोह के दौरान श्रमिक कल्याण से जुड़ी बड़ी आर्थिक सहायता भी जारी की जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय श्रम विभाग की 18 श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं के तहत 1 लाख 45 हजार 841 पंजीकृत श्रमिकों के बैंक खातों में 39 करोड़ 67 लाख रुपये की सहायता राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से अंतरित करेंगे।
इस सहायता से श्रमिक परिवारों को सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य कल्याणकारी योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। सरकार का कहना है कि डीबीटी के माध्यम से सहायता राशि सीधे बैंक खातों में पहुंचने से योजनाओं का लाभ पारदर्शी और त्वरित तरीके से हितग्राहियों तक पहुंच रहा है।
राज्य स्तरीय सम्मान समारोह को श्रमिक कल्याण और शिक्षा के क्षेत्र में सरकार की प्रतिबद्धता के रूप में देखा जा रहा है। एक ओर जहां मेधावी बच्चों को सम्मान देकर उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहन मिलेगा, वहीं दूसरी ओर हजारों श्रमिक परिवारों को करोड़ों रुपये की सहायता राशि सीधे उनके खातों में मिलेगी।
The post 200 मेधावी श्रमिक बच्चों का होगा सम्मान, 1.45 लाख श्रमिकों को मिलेंगे 39.67 करोड़ appeared first on Ekhabri.com.
Source: Ekhabri


