हेमचंद यादव विश्वविद्यालय में नशा मुक्त युवा अभियान, वैज्ञानिक तकनीक पर जोर
रायपुर । दुर्ग स्थित शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय के डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन सभागार में हेमचंद यादव विश्वविद्यालय द्वारा “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” विषय पर एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन में युवाओं को नशे से दूर रहने और देश के विकास में योगदान देने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का युवाओं के नाम विशेष संदेश प्रसारित किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए “नशा मुक्त विकसित भारत” के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी को आवश्यक बताया।
इस अवसर पर दुर्ग ग्रामीण के विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि नशा मुक्त परिवार ही एक खुशहाल समाज की नींव होता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और समाज में इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाएं।
कार्यक्रम में कुलपति प्रो. (डॉ.) संजय तिवारी ने आधुनिक वैज्ञानिक दृष्टिकोण को रेखांकित करते हुए बताया कि रमन स्पेक्ट्रोस्कोपी (Raman Spectroscopy) जैसी उन्नत तकनीकों के माध्यम से मादक पदार्थों की पहचान और उनकी सप्लाई चेन पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो रहा है। यह तकनीक नशे के खिलाफ अभियान को और मजबूत बनाएगी।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार सिंह ने डिजिटल युग में सोशल मीडिया की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे इंस्टाग्राम और फेसबुक रील्स के माध्यम से “नशा मुक्त भारत” का संदेश जन-जन तक पहुंचाएं।
कार्यक्रम में विभिन्न महाविद्यालयों के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के कार्यक्रम अधिकारी, स्वयंसेवक, प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
The post हेमचंद यादव विश्वविद्यालय में नशा मुक्त युवा अभियान, वैज्ञानिक तकनीक पर जोर appeared first on Ekhabri.com.
Source: Ekhabri


