होम › Technology › स्वतंत्रता दिवस समारोह में घुड़सवारों, महिला बैंड और श्वान दल ने मोहा मन
Technology

स्वतंत्रता दिवस समारोह में घुड़सवारों, महिला बैंड और श्वान दल ने मोहा मन

WhatsApp Facebook
स्वतंत्रता दिवस समारोह में घुड़सवारों, महिला बैंड और श्वान दल ने मोहा मन

For latest updates, join our official groups:

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

रायपुर। राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह का मुख्य कार्यक्रम घुड़सवार दल के रोमांचक हॉर्स शो, प्रदेश के पहले महिला बैगपाइपर बैंड की लयबद्ध प्रस्तुति और छत्तीसगढ़ पुलिस के प्रशिक्षित श्वान दल के शानदार प्रदर्शन से यादगार बन गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में हुए इन प्रदर्शनों ने समारोह में मौजूद लोगों को रोमांचित कर दिया।

 

# घुड़सवार दल का हॉर्स शो रहा आकर्षण का केंद्र

 

स्वतंत्रता दिवस समारोह में तीसरी वाहिनी अमलेश्वर के घुड़सवार दल ने अदम्य साहस और उत्कृष्ट घुड़सवारी कौशल का प्रदर्शन किया। दल ने फ्लैग मार्च, टेंट पैगिंग, नेज़ाबंदी शो, शो जंपिंग और गैलप राउंड जैसी रोमांचक प्रस्तुतियां दीं।

 

आरक्षक धनेश्वर कंवर ने अश्व आदित्री पर फ्लैग मार्च किया, जबकि अजय कुमार यादव ने अश्व आभा पर स्टैंडिंग सैल्यूट प्रस्तुत किया। टेंट पैगिंग में अश्व रुद्र, अश्वस्थामा, प्रिंसेस सारा और शक्ति ने शानदार प्रदर्शन किया। वहीं अश्व युवराज, अवनि, कावेरी, जूही और ओजस ने शो जंपिंग में अपने कौशल का प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

 

# महिला बैगपाइपर बैंड की सुरमयी प्रस्तुति

 

आरक्षक सोनबती ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश के पहले महिला बैगपाइपर बैंड ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में आकर्षक प्रस्तुति दी। 20वीं भारत रक्षित वाहिनी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के 35 सदस्यों वाले इस बैंड ने क्विक मार्च के दौरान इंडिया गेट, केसरिया बाना, हर्ष मेन, शांति सेना और पुलकित हिमालय जैसी धुनें प्रस्तुत कीं।

 

स्लो मार्च में नवरंगी और तर्शपे रील के साथ ड्रम कॉल की प्रस्तुति भी दी गई। बैंड की महिला सदस्यों ने सेरेमोनियल मेस बैंड, बेस, टेनर, साइड ड्रम और बैगपाइपर जैसे वाद्ययंत्रों से मनमोहक धुनें प्रस्तुत कर समारोह में देशभक्ति और उत्साह का माहौल बना दिया।

 

इस महिला बैगपाइपर बैंड ने वर्ष 2022 में हरियाणा के पंचकुला स्थित आईटीबीपी के बीटीसी मानू में छह महीने का कठिन प्रशिक्षण प्राप्त किया था। वर्ष 2024 में दीमापुर, नागालैंड में आयोजित 25वीं अखिल भारतीय पुलिस बैंड प्रतियोगिता में दल ने तीसरा स्थान हासिल किया। इसके बाद हैदराबाद में आयोजित 26वीं अखिल भारतीय पुलिस पाइप बैंड प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दल को गोल्ड मेडल मिला।

 

इस प्रतियोगिता में सोनबती ठाकुर ने बेस्ट कंडक्टर और पूरे प्लाटून में ऑल राउंडर द बेस्ट का खिताब भी हासिल किया।

 

# श्वान दल ने दिखाया अद्भुत अनुशासन और दक्षता

 

समारोह में छत्तीसगढ़ पुलिस के डॉग स्क्वाड ने भी अपनी सूंघने की क्षमता, अनुशासन और प्रशिक्षण का रोमांचक प्रदर्शन किया। स्क्वाड प्रभारी राज कपूर के नेतृत्व में प्रशिक्षित श्वानों ने सात अलग-अलग विधाओं में हैंडलर्स के निर्देशों का पालन करते हुए अपनी दक्षता दिखाई।

 

पुलिस डॉग मैक्स ने अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद प्रशिक्षित श्वानों ने कमल फूल की आकृति में स्वयं को व्यवस्थित कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

 

श्वानों ने गोल रिंग में सिट, डाउन, रेस्ट, स्लीप, रोल और अप जैसे निर्देशों का पूरी दक्षता से पालन किया। आग से भरे गोल रिंग के बीच से श्वान दुलार, मेरी और शिवा ने छलांग लगाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया।

 

डॉग स्क्वाड ने सुरक्षा के लिहाज से अपनी उपयोगिता का भी प्रदर्शन किया। प्रशिक्षित श्वानों ने जमीन में दबे विस्फोटक पदार्थों और नारकोटिक सामग्री को तेजी से खोजकर अपनी विशेष क्षमता का प्रदर्शन किया। इसके अलावा कई अलग-अलग गंधों के बीच निर्धारित गंध की पहचान करने और रूमाल सूंघकर संबंधित व्यक्ति की पहचान करने का प्रदर्शन भी किया गया।

 

घुड़सवार दल की साहसिक प्रस्तुतियों, महिला बैगपाइपर बैंड की सुरमयी धुनों और डॉग स्क्वाड की दक्षता ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य और रोमांचक बना दिया।

 

 

The post स्वतंत्रता दिवस समारोह में घुड़सवारों, महिला बैंड और श्वान दल ने मोहा मन appeared first on Ekhabri.com.

Source: Ekhabri

Ekhabri
मीडिया पार्टनर साभार (Syndicated) Ekhabri
मूल लेख पढ़ें ↗
दोस्तों के साथ साझा करें
📰 सम्बन्धित समाचार

यह भी पढ़ें (सम्बंधित ख़बरे)