स्वतंत्रता दिवस पर लोकभवन में सजा देशभक्ति का रंग, जुटीं प्रदेश की प्रमुख हस्तियां
रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार शाम रायपुर स्थित लोकभवन में भव्य ‘स्वागत समारोह’ का आयोजन किया गया। समारोह में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, शहीदों के परिजनों और उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों ने सहभागिता की।
राज्यपाल रमेन डेका ने उपस्थित सभी लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्यपाल को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर प्रथम महिला रानी डेका काकोटी भी उपस्थित रहीं।

# जनप्रतिनिधियों और विशिष्ट हस्तियों की रही मौजूदगी
समारोह में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंकराम वर्मा, अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी और महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल रमेश बैस सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
विधायक पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी और अनुज शर्मा, छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा तथा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू भी समारोह में शामिल हुईं।
# पद्मश्री सम्मानित विभूतियों ने बढ़ाई समारोह की गरिमा
स्वागत समारोह में पद्मश्री से सम्मानित भारतीबंधु, डॉ. राधेश्याम बारले और उषा बारले सहित विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियां उपस्थित रहीं। समारोह में शहीदों के परिजन, वीरता पुरस्कार से सम्मानित पुलिस अधिकारी, विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली विभूतियां और ब्रह्मकुमारी बहनें भी शामिल हुईं।
कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में राष्ट्रभक्ति और उत्साह का माहौल बना दिया।
# वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी रहे मौजूद
समारोह में मुख्य सचिव विकास शील, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, मनोज पिंगुआ, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, प्रमुख सचिव सोनमणी बोरा और राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना उपस्थित रहे।
इसके अलावा पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला, रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह, संचालक आदिम जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण हिना अनिमेष नेताम, राज्यपाल के विधिक सलाहकार सत्यभामा अजय दुबे सहित वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी समारोह में शामिल हुए।
सेना के वरिष्ठ अधिकारी, विश्वविद्यालयों के कुलपति, प्रेस-मीडिया प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी ने स्वतंत्रता दिवस के स्वागत समारोह को विशेष बना दिया।
The post स्वतंत्रता दिवस पर लोकभवन में सजा देशभक्ति का रंग, जुटीं प्रदेश की प्रमुख हस्तियां appeared first on Ekhabri.com.
Source: Ekhabri


