सकारात्मक पत्रकारिता से समाज में बदलाव लाएं, छात्रों को कुलपति ने दिया मंत्र
रायपुर। कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय, रायपुर में शासकीय महर्षि वाल्मीकि महाविद्यालय, भानुप्रतापपुर के पत्रकारिता विद्यार्थियों ने शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के कम्युनिटी रेडियो, टीवी स्टूडियो, कंप्यूटर लैब, निर्माणाधीन आई एवं मीडिया शोध लैब तथा पुस्तकालय का अवलोकन किया और वहां संचालित गतिविधियों की जानकारी ली।
शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मनोज दयाल से संवाद किया। कुलपति ने विद्यार्थियों को पत्रकारिता एवं जनसंचार के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराते हुए नियमित रूप से समाचार पत्र, पत्रिकाओं, रेडियो, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया का तुलनात्मक अध्ययन करने की सलाह दी।
प्रो. मनोज दयाल ने विद्यार्थियों को शोध से पहले प्रत्यक्ष अवलोकन की पद्धति अपनाने और विभिन्न माध्यमों की सामग्री का अनौपचारिक रूप से तुलनात्मक अध्ययन करते रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के विद्यार्थियों को मीडिया के बदलते स्वरूप और विभिन्न माध्यमों की कार्यप्रणाली को समझने के लिए निरंतर अध्ययन और शोध की आदत विकसित करनी चाहिए।
कुलपति ने कहा कि विद्यार्थी हमेशा सकारात्मक और प्रेरणादायक लेखन को प्राथमिकता दें। मीडिया के क्षेत्र में अपनी रचनात्मकता को निखारते हुए निष्पक्ष पत्रकारिता के पथ पर आगे बढ़ें, ताकि पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सशक्त और सकारात्मक बदलाव लाया जा सके।
भानुप्रतापपुर से आए विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के कुलसचिव सुनील शर्मा, सहायक कुलसचिव देव सिंह पाटिल, विभिन्न विभागाध्यक्षों, शिक्षकों और विद्यार्थियों से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय में संचालित अकादमिक गतिविधियों, शिक्षण व्यवस्था और विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी प्राप्त की।
विद्यार्थियों ने अकादमिक भवन में जनसंचार, पत्रकारिता, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, विज्ञापन एवं जनसंपर्क सहित विभिन्न विभागों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं, विभागाध्यक्षों और शिक्षकों से संवाद किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए और विश्वविद्यालय में संचालित विभिन्न सृजनात्मक क्लबों, शोध पीठों एवं समूहों के बारे में जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों ने इन गतिविधियों को अपने अकादमिक और रचनात्मक विकास के लिए अनुकरणीय बताया।
महर्षि वाल्मीकि महाविद्यालय के पत्रकारिता विभाग के शिक्षक श्रीदाम ढ़ाली के मार्गदर्शन में आयोजित इस शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के कम्युनिटी रेडियो ‘संवाद 98.2’ में अपना संदेश भी रिकॉर्ड किया। इस अनुभव ने विद्यार्थियों को रेडियो प्रसारण और व्यावहारिक मीडिया कार्यप्रणाली को करीब से समझने का अवसर दिया।
The post सकारात्मक पत्रकारिता से समाज में बदलाव लाएं, छात्रों को कुलपति ने दिया मंत्र appeared first on Ekhabri.com.
Source: Ekhabri


