लालकिले पर मनाई गई 5180वीं अग्रसेन जयंती, ‘सूर्यवंशी अग्रसेन’ फिल्म का हुआ प्रीमियर; छत्तीसगढ़ के पदाधिकारी भी हुए शामिल

नई दिल्ली : दिल्ली के लालकिला मैदान में 10 अक्टूबर को अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन की ओर से 5180वीं अग्रसेन जयंती महोत्सव का आयोजन किया गया। सम्मेलन के 51 साल के इतिहास में पहली बार यह कार्यक्रम लालकिला मैदान में आयोजित हुआ। महोत्सव में देशभर से अग्रवाल समाज के हजारों लोग, जनप्रतिनिधि, उद्योगपति और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के पदाधिकारियों ने भी हिस्सा लिया।
‘सूर्यवंशी अग्रसेन’ फिल्म का हुआ प्रीमियर
महोत्सव का प्रमुख आकर्षण भगवान श्री अग्रसेन जी के जीवन पर आधारित फिल्म ‘सूर्यवंशी अग्रसेन’ का प्रीमियर शो रहा। इस मौके पर फिल्म के मुख्य अभिनेता करणवीर वोहरा, अभिनेत्री प्राची बंसल और फिल्म की पूरी टीम मौजूद रही। आयोजकों के अनुसार, फिल्म अगले महीने सिनेमाघरों और ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज की जाएगी।
कई राज्यों के मंत्री, सांसद और प्रमुख हस्तियां पहुंचीं
आयोजकों के मुताबिक, यह कार्यक्रम महामंडलेश्वर आनंद अखाड़ा के श्री श्री 1008 स्वामी बालकानंद जी महाराज के सानिध्य में आयोजित किया गया। महोत्सव में असम सरकार के स्वास्थ्य मंत्री अशोक अग्रवाल, झारखंड के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री एवं विधायक बन्ना गुप्ता, टाटानगर की मेयर सुधा गुप्ता, उत्तराखंड के सांसद नरेश बंसल और आरएसएस के उत्तर क्षेत्रीय संघ चालक पवन जिंदल सहित कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं।
इसके अलावा उद्योगपति निर्मल अग्रवाल, विनीत लोहिया, अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बसंत कुमार मित्तल, राष्ट्रीय महामंत्री गोपाल गोयल, राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष सत्यभूषण जैन, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नत्थू राम जैन और राष्ट्रीय चेयरमैन एवं ट्रस्टी एसएस अग्रवाल समेत अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे। देश के 25 राज्यों से प्रदेश अध्यक्ष, महामंत्री और राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ युवा एवं महिला इकाइयों के सदस्यों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
समाज की एकता और राजनीतिक भागीदारी पर जोर
महोत्सव के दौरान वक्ताओं ने अग्रवाल समाज की एकजुटता, आपसी भाईचारे और संगठन को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही भगवान श्री अग्रसेन जी के सिद्धांतों को जीवन में अपनाने की अपील की गई। सम्मेलन की ओर से पिछले छह महीनों में किए गए कार्यों का भी उल्लेख किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि समाज को व्यापार और उद्योग के साथ राजनीति में भी अपनी भागीदारी बढ़ाने की दिशा में प्रयास करना चाहिए। इसके लिए सामूहिक रणनीति और संगठनात्मक सहयोग को जरूरी बताया गया। राजस्थान के नगर निकाय चुनावों में जीत दर्ज करने वाले मेयर, सभापति, चेयरमैन और पार्षदों को भी बधाई दी गई।
छत्तीसगढ़ के पदाधिकारियों ने भी लिया हिस्सा
दिल्ली में आयोजित इस महोत्सव में छत्तीसगढ़ से अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय उप महामंत्री प्रमोद जैन, प्रदेश अध्यक्ष रामावतार अग्रवाल, राजीव अग्रवाल और गौरीशंकर अग्रवाल शामिल हुए। उन्होंने देशभर से आए समाज के प्रतिनिधियों के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की।
आयोजन के समापन पर देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं और आयोजन के लिए आयोजकों तथा सम्मेलन की दिल्ली इकाई की सराहना की। महोत्सव के जरिए समाज की एकता, सांस्कृतिक विरासत और भगवान श्री अग्रसेन जी के विचारों को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।
साभार: Asian News Bharat


