लक्ष्मी राजवाड़े की पहल, घोषणा के 12 घंटे में लटोरी पहुंची ALS एंबुलेंस
रायपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के भटगांव विधानसभा क्षेत्र के ग्राम लटोरी में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूती मिली है। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की पहल पर लटोरी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को एडवांस लाइफ सपोर्ट (ALS) 108 एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की घोषणा के महज 12 घंटे के भीतर एंबुलेंस लटोरी पहुंच गई। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सेवा संकल्प अभियान के तहत हरी झंडी दिखाकर एंबुलेंस को रवाना किया।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना सुशासन सरकार की प्राथमिकता है। सरकार का निरंतर प्रयास है कि जरूरतमंदों को समय पर उपचार मिले और आपातकालीन परिस्थितियों में उन्हें त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके। लटोरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ALS एंबुलेंस की सुविधा शुरू होने से गंभीर मरीजों और सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को समय पर चिकित्सा सहायता देने में मदद मिलेगी।
मंत्री राजवाड़े ने एंबुलेंस की मांग पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस सुविधा का लाभ लटोरी के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी मिलेगा। जरूरत पड़ने पर गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार के लिए उच्च स्वास्थ्य संस्थानों तक सुरक्षित पहुंचाने में यह एंबुलेंस महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उल्लेखनीय है कि 13 अक्टूबर को सूरजपुर जिले में इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से लटोरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए ALS एंबुलेंस उपलब्ध कराने का आग्रह किया था। स्वास्थ्य मंत्री ने तत्काल एंबुलेंस उपलब्ध कराने की घोषणा की। इसके बाद महज 12 घंटे के भीतर एंबुलेंस लटोरी पहुंच गई, जिससे क्षेत्र में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन बाबूलाल अग्रवाल, नूतन विश्वास, महेश्वर पैकरा, बीना गुप्ता, ठाकुर सिंह पैकरा, सुमित्रा राजवाड़े और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह सहित जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
The post लक्ष्मी राजवाड़े की पहल, घोषणा के 12 घंटे में लटोरी पहुंची ALS एंबुलेंस appeared first on Ekhabri.com.
साभार: Ekhabri


