रायपुर में नई पहल, मरीन ड्राइव पर मुफ्त पढ़ने की खास सुविधा
रायपुर। राजधानी रायपुर के मरीन ड्राइव स्थित स्प्री वॉक परिसर में जिला प्रशासन के नवाचार प्रोजेक्ट ‘अक्षरा’ की शुरुआत की गई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को प्रोजेक्ट अक्षरा का शुभारंभ किया। इस पहल के तहत मरीन ड्राइव में एक विशेष रीडिंग जोन तैयार किया गया है।
प्रोजेक्ट अक्षरा के तहत बनाए गए रीडिंग जोन में सभी उम्र के लोग प्रकृति के बीच बैठकर किताबें पढ़ सकेंगे। खास बात यह है कि इस सुविधा का लाभ पूरी तरह निःशुल्क मिलेगा। रोजाना स्प्री वॉक में घूमने आने वाले लोगों के लिए यह पढ़ने और समय बिताने का एक नया विकल्प उपलब्ध कराएगा।

रीडिंग जोन में पाठकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एयर कंडीशन युक्त बैठने की व्यवस्था की गई है। जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य लोगों को सार्वजनिक स्थान पर पढ़ने के लिए बेहतर और सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराना है।
प्रोजेक्ट अक्षरा के शुभारंभ कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष रामप्रताप सिंह, छत्तीसगढ़ योग आयोग के उपाध्यक्ष राजीव लोचन दास, नॉन के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा, वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सलीम राज और रायपुर महापौर मीनल चौबे सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, महिला आयोग की अध्यक्ष ममता साहू, कलेक्टर गौरव सिंह, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और आमजन उपस्थित रहे।
The post रायपुर में नई पहल, मरीन ड्राइव पर मुफ्त पढ़ने की खास सुविधा appeared first on Ekhabri.com.
Source: Ekhabri


