रायपुर पहुंचीं मैथिली ठाकुर, एशियन न्यूज के स्टूडियो में संपादकीय टीम से की मुलाकात,चेयरमैन सुबोध सिंघानिया ने किया आत्मीय स्वागत

रायपुर। प्रसिद्ध लोक गायिका और बिहार के अलीनगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर गुरुवार शाम एशियन न्यूज के स्टूडियो पहुंचीं। यहां एशियन न्यूज के चेयरमैन सुबोध सिंघानिया ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान मैथिली ठाकुर ने न्यूजरूम में एशियन न्यूज की संपादकीय टीम से मुलाकात की और विभिन्न विभागों के सदस्यों से परिचय प्राप्त किया।
मैथिली ठाकुर राजधानी रायपुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित जन्माष्टमी महोत्सव में भजन प्रस्तुति देने पहुंची हैं। कार्यक्रम का आयोजन इस्कॉन हरे कृष्ण मूवमेंट भिलाई-रायपुर की ओर से बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में किया जा रहा है।
एशियन न्यूज के स्टूडियो दौरे के दौरान मैथिली ठाकुर ने न्यूजरूम में पत्रकारों से बातचीत की और संस्थान की खबरों की सराहना की। उन्होंने संपादकीय टीम के कामकाज के बारे में भी जानकारी ली। इस मौके पर एशियन न्यूज के प्रबंध संपादक आदित्य नामदेव सहित संस्थान के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

लोकगायिकी से राजनीति तक का सफर
मैथिली ठाकुर देश की चर्चित लोक गायिकाओं में शामिल हैं। बिहार के मधुबनी जिले के बेनीपट्टी में 25 जुलाई 2000 को जन्मीं मैथिली को संगीत की शिक्षा परिवार से मिली। उनके पिता पंडित रमेश ठाकुर ने उन्हें शास्त्रीय और लोक संगीत की शुरुआती शिक्षा दी। उनके भाई ऋषभ तबला वादन और अयाची गायन से जुड़े हैं। तीनों भाई-बहनों की साथ में प्रस्तुतियां और वीडियो सोशल मीडिया पर भी काफी लोकप्रिय हैं।
मैथिली ने बचपन में ‘सारेगामापा लिटिल चैंप्स’ और ‘इंडियन आइडल जूनियर’ जैसे रियलिटी शो में हिस्सा लिया। वर्ष 2017 में ‘द राइजिंग स्टार’ की रनर-अप बनने के बाद उन्हें देशभर में व्यापक पहचान मिली। वह मैथिली, भोजपुरी और हिंदी सहित कई भाषाओं में लोकगीत, भजन और शास्त्रीय संगीत प्रस्तुत करती हैं।
25 साल की उम्र में बनीं विधायक
संगीत के क्षेत्र में पहचान बनाने के बाद मैथिली ठाकुर ने राजनीति में कदम रखा। 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में उन्होंने अलीनगर विधानसभा सीट से जीत दर्ज की। 25 वर्ष की उम्र में विधायक बनने के बाद वह देश की सबसे कम उम्र की विधायकों में शामिल हुईं।
मैथिली को वर्ष 2024 में नेशनल क्रिएटिव अवार्ड्स के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से ‘कल्चर एंबेसडर ऑफ द ईयर’ सम्मान भी मिला था। इसके अलावा वह राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन संस्थान (NIDM) और राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (NCPCR) से जुड़े जागरूकता अभियानों में भी भूमिका निभा चुकी हैं।
Source: Nishaanebaz

