होम Chhattisgarh राज्यपाल रमेन डेका ने छात्रों से कहा, लक्ष्य तय करें और जुनून से मेहनत करें
Chhattisgarh

राज्यपाल रमेन डेका ने छात्रों से कहा, लक्ष्य तय करें और जुनून से मेहनत करें

WhatsApp Facebook
राज्यपाल रमेन डेका ने छात्रों से कहा, लक्ष्य तय करें और जुनून से मेहनत करें

For latest updates, join our official groups:

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका शनिवार को बलौदाबाजार विकासखंड के ग्राम चाम्पा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित लोकार्पण एवं सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर में नवनिर्मित सभाकक्ष का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ शिक्षकों, 10वीं और 12वीं के मेधावी विद्यार्थियों, पीएटी में चयनित छात्रों तथा ‘हम होंगे कामयाब’ योजना के तहत रोजगार प्राप्त नौ युवाओं को सम्मानित किया गया।

 

समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि विद्यालय में बने नए सभाकक्ष से विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के लिए सांस्कृतिक, रचनात्मक और ज्ञानवर्धक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने शिक्षक और विद्यार्थी के बीच मजबूत संबंधों को शिक्षा की गुणवत्ता के लिए महत्वपूर्ण बताया। राज्यपाल ने कहा कि शिक्षकों को अपने आचरण और व्यवहार से विद्यार्थियों के लिए रोल मॉडल बनना चाहिए।

 

विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि जीवन में लक्ष्य हासिल करने के लिए जुनून पैदा करना जरूरी है। लक्ष्य को हकीकत में बदलने के लिए निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने नई शिक्षा नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि यह विद्यार्थियों को कौशल विकास के साथ-साथ अपनी रुचि के विषय में विशेषज्ञता हासिल करने के अवसर प्रदान करती है।

 

राज्यपाल ने विद्यार्थियों को डिजिटल तकनीक के संतुलित उपयोग की सलाह भी दी। उन्होंने मोबाइल फोन और सोशल मीडिया के अत्यधिक इस्तेमाल पर चिंता जताते हुए कहा कि तकनीक का उपयोग आवश्यक और सकारात्मक कार्यों के लिए किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी सुविधाएं उपयोगी हैं, लेकिन इनका अत्यधिक इस्तेमाल आत्ममंथन और रचनात्मकता को प्रभावित कर सकता है।

 

राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने राज्यपाल के चाम्पा आगमन को गांव के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने अपने स्कूली दिनों को याद करते हुए कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि उनमें समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से असफलताओं से निराश न होने और लगातार मेहनत करते रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम को पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल ने भी संबोधित किया।

 

इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका ने अपनी स्वर्गीय माता चम्पावती डेका की स्मृति में विद्यालय परिसर में अमलताश का पौधा रोपा। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया।

 

कार्यक्रम के दौरान ‘बिहान’ योजना से जुड़ी आजीविका दीदियों द्वारा लगाए गए उत्पादों की प्रदर्शनी का राज्यपाल ने अवलोकन किया। इस दौरान आजीविका दीदियों ने धान और चावल के बीजों से तैयार हस्तनिर्मित राखी राज्यपाल को बांधी। राज्यपाल ने राखी की सराहना करते हुए महिलाओं की रचनात्मकता और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के प्रयासों की प्रशंसा की।

 

समारोह में शिक्षक एवं शिक्षाविद एस.एम. पाध्ये, डॉ. निशा झा, डॉ. डी.एन. राय और भूषण धुरंधर को सम्मानित किया गया। इसके अलावा 12वीं के स्टेट टॉपर जिज्ञासु वर्मा, 10वीं के प्रतिभावान विद्यार्थियों साक्षी वर्मा और अमित कुमार टंडन तथा पीएटी में चयनित प्रवीण डहरिया, ममता साहू और मयंक वर्मा को भी सम्मानित किया गया।

 

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, शिक्षक, विद्यार्थी और ग्रामीणजन उपस्थित रहे। समारोह के दौरान शिक्षा, कौशल विकास, डिजिटल तकनीक के संतुलित उपयोग और विद्यार्थियों में आत्मविश्वास विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया।

 

The post राज्यपाल रमेन डेका ने छात्रों से कहा, लक्ष्य तय करें और जुनून से मेहनत करें appeared first on Ekhabri.com.

Source: Ekhabri

Ekhabri
मीडिया पार्टनर साभार (Syndicated) Ekhabri
मूल लेख पढ़ें ↗
दोस्तों के साथ साझा करें
📰 सम्बन्धित समाचार

यह भी पढ़ें (सम्बंधित ख़बरे)